Total Pageviews
Wednesday, June 1, 2011
सलमान पर 200 रुपये का जुर्माना
मुंबई. (देश दुनिया). पटियाला में स्वास्थ्य विभाग ने नो टोबैको डे के दिन खुलेआम सिगरेट पीने पर सलमान खान पर 200 रुपये का जुर्माना लगाया है। अपनी फिल्म 'बॉडीगार्ड' की शूटिंग के लिए पहुंचे सलमान को साथ ही चेतावनी भी दी गई है कि वो अगली बार भी यहां आएं तो ऐसी हरकत न करें। सलमान करीना कपूर के साथ यहां 27 मई को पहुंचे थे। होटल नीमराणा के लॉन में सलमान को सिगरेट पीते देखा गया है। इस फिल्म में इस होटल को करीना के घर के तौर पर दिखाया गया है। इस बीच मोहाली का एक एनजीओ उन्हें सार्वजनिक स्थान पर सिगरेट पीने के मामले में कानूनी नोटिस जारी करने की तैयारी की है।
दिया मिर्जा पर हमला
मुंबई.(देश दुनिया).मुंबई के बांद्रा में अपनी फिल्म लव ब्रेक अप एण्ड जिंदगी की शूटिंग के दौरान फिल्म एक्ट्रेस दिया मिर्जा और अभिनेता जाएद खान पर कुछ सामाजिक कार्यकर्ताओं ने हमला कर दिया। फिल्म के डायरेक्टर के मुताबिक जुहू बीच पर शूटिंग के दौरान भी हमला किया गया था और शूटिंग करने से रोका गया। हमला करने वालों का कहना था कि सार्वजनिक जगहों बिना इजाजत शूटिंग नहीं हो सकती है। वहीं दिया मिर्जा और जाएद खान का कहना है कि इजाजत लेकर ही फिल्म की शूटिंग शुरू की गई थी।
‘रा-वन’ के सामने हिमेश की ‘दमादम’
मुंबई. (देश दुनिया). हिमेश रेशमिया दिवाली पर शाहरुख़ खान की मेगा फिल्म ‘रा-वन’ के सामने अपनी फिल्म ‘दमादम’ रिलीज करेंगे। हिमेश का कहना है कि नि:संदेह रा-वन एक बहुत बड़ी फिल्म है, लेकिन दिवाली जैसे बड़े त्योहार के समय दो-तीन फिल्में साथ में रिलीज होना कोई नई बात नहीं है। ‘दमादम’ एक कॉमेडी फिल्म है और हिमेश के मुताबिक पिछले चार-पाँच वर्षों के दौरान दिवाली पर रिलीज हुई कॉमेडी फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर अच्छी सफलता हासिल की है। इसीलिए उन्होंने अपनी फिल्म को रा-वन के सामने रिलीज करने की हिम्मत जुटाई है। एक संगीतकार के रूप में अपनी पहचान बना चुके हिमेश के सिर से अभी भी हीरो बनने का भूत उतरा नहीं है। इस चक्कर में उन्होंने अपने म्यूजिक करियर को भी बर्बाद कर डाला। उन्होंने एक अजीब शर्त रख दी कि वे उसी फिल्म में संगीत देंगे जिसमें वे खुद हीरो होंगे। ऐसी शर्त भला कौन मंजूर करता, इसलिए हिमेश से बॉलीवुड के तमाम बैनर्स ने दूरी बना ली, लेकिन हिमेश को अभी भी लगता है कि वे एक्टिंग कर सकते हैं। उनकी पहली अभिनीत फिल्म ‘आपका सुरूर’ सफल रही थी, लेकिन उसके बाद कर्ज और रेडियो जैसी फिल्मों ने उन्हें कही का ना छोड़ा। पिछले दिनों हिमेश को बेहद बुरा अनुभव हुआ जब टी-सीरिज वालों ने बिना पब्लिसिटी के मात्र दो थिएटर्स में उनकी फिल्म ‘कजरारे’ रिलीज कर दी ताकि उसके सैटेलाइट राइट्स बेचे जा सकें। इन झटकों के बावजूद हिमेश ने हार नहीं मानी है। उनका अंतरराष्ट्रीय एलबम जल्दी ही रिलीज होने जा रहा है। उन्होंने अपनी म्यूजिक कंपनी भी बना ली है। संगीत के अलावा एक्टिंग में भी उनके प्रयास जारी है।
शाहरुख़ ने मोरानी से रिश्ते को नकारा
मुंबई. (देश दुनिया). बॉलीवुड स्टार और आईपीएल की टीम कोलकाता नाइटराइडर्स (केकेआर) के मालिक शाहरुख खान ने साफ किया है कि 2 जी स्पेक्ट्रम घोटाले के आरोपी करीम मोरानी का केकेआर से कोई रिश्ता नहीं है। उन्होंने यह सफाई एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दी। उन्होंने कहा, 'मोरानी से उनका निजी स्तर पर करीबी रिश्ता है, लेकिन जहां तक केकेआर का सवाल है, तो उसका करीम मोरानी से कोई लेना देना नहीं है।' शाहरुख खान ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा, 'आप लोग मुझे जबर्दस्ती इसमें घसीटने की कोशिश न करें।' 'सिनेयुग' नाम से इवेंट मैनेजमेंट कंपनी और प्रॉडक्शन हाउस चलाने वाले करीम मोरानी शाहरुख खान के बेहद करीबी माने जाते हैं। सिनेयुग बॉलीवुड की सबसे बड़ी इवेंट मैनेजमेंट कंपनी मानी जाती है। खान और मोरानी परिवार एक-दूसरे के काफी करीबी माने जाते हैं। मोरानी आईपीएल मैचों के दौरान कई बार शाहरुख के साथ स्टेडियम में देखा गया है। इसके अलावा वे इस साल जनवरी में हुई आईपीएल की नीलामी के दौरान भी शाहरुख खान के साथ मौजूद थे। सिनेयुग और शाहरुख की प्रॉडक्शन कंपनी रेड चिली एंटरटेंमेंट ने कई प्रोजेक्ट्स पर एक साथ काम किया है। शाहरुख खान के रिएलिटी शो का आयोजन भी सिनेयुग ने किया था। करीम मोरानी की बेटी जोआ मोरानी शाहरुख खान की फिल्म 'ऑलवेज कभी कभी' के जरिए बॉलीवुड में कदम रख रही हैं। यह फिल्म 17 जून को रिलीज हो रही है और इसमें शाहरुख ने पैसा लगाया है। करीम मोरानी शाहरुख खान की महत्वाकांक्षी फिल्म 'रा.वन' के लाइन प्रोड्यूसर हैं। सिनेयुग लंबे समय से टीवी धारावाहिकों और फिल्मों का निर्माण कर रहा है। गौरतलब है कि सोमवार को कोर्ट ने 2 जी स्पेक्ट्रम घोटाले के सिलसिले में करीम मोरानी को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया था।
गायन के क्षेत्र में विनय पाठक
मुंबई. (देश दुनिया). अभिनेता विनय पाठक अपनी आगामी फिल्म ‘भेजा फ्राई-2’ के माध्यम से गायन के क्षेत्र में किस्मत आजमाएंगे। ‘ये फिल्म ‘भेजा फ्राई’ की श्रृंखला फिल्म है। विनय ने ‘भेजा फ्राई-2’ में जो गाना गाया है, उसका शीर्षक ‘ओ राही राही’ 60 के दशक के संगीत पर आधारित है। खास बात यह है कि इस गीत को पूरी तरह श्वेत-श्याम तौर पर फिल्माया गया है। मुकुल देवड़ा की फिल्म ‘भेजा फ्राई-2’ का निर्देशन सागर बल्लारी ने किया है। इसमें विनय के अलावा केके मेनन, मिनीषा लाम्बा, सुरेश मेनन और अनमोल गुप्ते ने अभिनय किया है।
चार जानवरों और चिड़ियों की यात्रा
मुंबई. (देश दुनिया). अमेरिकी अभिनेत्री वेनेसा विलियम्स और जेसन एलेक्सजेंडर ने भारतीय फिल्मकार निखिल आडवाणी की आगामी फिल्म 'दिल्ली सफारी' में अपनी आवाज दी है। यह पहला मौका है जब अमेरिकी कलाकारों ने किसी भारतीय फिल्मकार की फिल्म के लिए वॉयसओवर किया हो। इस सफलता को लेकर निखिल ने कहा कि वेनेसा और जेसन के नाम मेरे जेहन में इसलिए आए क्योंकि दोनों को मेरी फिल्म की कहानी पसंद थी। ऐसा नहीं है कि इन दोनों ने मेरी फिल्में देखी हैं। अच्छी बात यह है कि दोनों ने मेरी फिल्म 'चांदनी चौक टू चाइना' नहीं देखी है।
'दिल्ली सफारी' के लिए वेनेसा और जेसन के अलावा क्रिस्टोफर लॉयड, अमेरिकी हास्य अभिनेत्री जेन लिंच, अंग्रेज अभिनेता कैरी एल्विस और अमेरिकी स्टैंड अप हास्य कलाकार ब्रैड गार्नेट ने अपनी आवाज दी है। 'दिल्ली सफारी' की कहानी चार जानवरों और चिड़ियों की मुम्बई से दिल्ली तक की यात्रा पर आधारित है। फिल्म के हिन्दी संस्करण में जानवरों की आवाज अक्षय खन्ना, गोविंदा, उर्मिला मातोंडकर, बोमन इरानी, सुनील शेट्टी और स्वीनी खरे ने दी है।
'दिल्ली सफारी' के लिए वेनेसा और जेसन के अलावा क्रिस्टोफर लॉयड, अमेरिकी हास्य अभिनेत्री जेन लिंच, अंग्रेज अभिनेता कैरी एल्विस और अमेरिकी स्टैंड अप हास्य कलाकार ब्रैड गार्नेट ने अपनी आवाज दी है। 'दिल्ली सफारी' की कहानी चार जानवरों और चिड़ियों की मुम्बई से दिल्ली तक की यात्रा पर आधारित है। फिल्म के हिन्दी संस्करण में जानवरों की आवाज अक्षय खन्ना, गोविंदा, उर्मिला मातोंडकर, बोमन इरानी, सुनील शेट्टी और स्वीनी खरे ने दी है।
शत्रुघ्न सिन्हा और रेखा का रोमांस
मुंबई. (देश दुनिया). शॉटगन के नाम से मशहूर बॉलीवुड एक्टर शत्रुघ्न सिन्हा लगभग चार दशक के बाद एक बार फिर एवरग्रीन ब्यूटी रेखा के साथ पर्दे पर रोमांस करते नजर आएंगे। बिहारी बाबू के अनुसार "रेखा के साथ मेरी फिल्म "आज फिर जीने की तमन्ना है" इस साल आने की संभावना है। बॉलीवुड एक्टर ने कहा कि " मेरी नजर में रेखा बॉलीवुड की सबसे खूबसूरत और टैलेंटेड एक्ट्रेस रही हैं। आप जल्द ही ऑनस्क्रीन रेखा और मेरे बीच की कैमेस्ट्री देख पाएंगे।" उल्लेखनीय है कि शत्रुघ्न सिन्हा और रेखा की 1972 में रिलीज़ हुई फिल्म "रामपुर का लक्ष्मण" को बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त कामयाबी मिली थी। शत्रुघ्न सिन्हा ने बताया कि "मैं कोई फिल्म तभी करता हूं, जब मुझे उसकी स्क्रिप्ट पसंद आए। फिलहाल मेरे पास दो फिल्मों के प्रोजेक्ट हैं, जिनमें बॉडीगार्ड और आप जैसा कोई नहीं शामिल है। इसके अलावा रेखा के साथ "आज फिर जीने की तमन्ना है" की शूटिंग भी जल्द ही शुरू होने वाली है।"
मीडिया में बने रहने का शौक नहीं
मुंबई. (देश दुनिया). असिन जल्द ही फिल्म रेडी में नजर आने वाली हैं। लंदन ड्रीम्स के बाद यह उनकी दूसरी फिल्म है। इस बारे में वह कहती हैं कि वे लगातार फिल्में करना पसंद नहीं करती। उन्होंने कहा कि उन्हें मीडिया में बने रहने का कोई शौक नहीं है। वे अपने काम को प्राथमिकता देती है और चाहती है कि उनके काम से लोग उन्हें जाने।असिन ने बताया कि वे बिना स्क्रिप्ट सुने और संतुष्ट हुए सिर्फ बैनर के नाम पर फिल्में नहीं कर सकतीं। मेरे लिए सबसे पहले मेरी पटकथा, फिर किरदार, फिर निर्देशक, फिर बैनर और फिर सह कलाकार महत्व रखते हैं। मैं हमेशा अच्छे किरदार निभाती रहना चाहती हूं। मेरा मानना है कि मुझे बहुत ज्यादा पैसे या शोहरत की जरूर नहीं। मुझे जितनी शोहरत मिलनी चाहिए मेरी जमीन दक्षिण भारत में मिलती है। मैं उसे अपनी धरोहर मानती हूं। बॉलीवुड में लगातार फिल्में करना मेरे बस की बात नहीं हैं। मैं अपनी ऊर्जा गॉसिप खबरों को सुनने या पढ़ने में नहीं बर्बाद करती, मैं कभी भी बॉलीवुड यह सोच कर नहीं आयी कि यहां लगातार फिल्में करूं।
अमेरिका के पागल खाने में राज किरण
मुंबई. (देश दुनिया). सुभाष घई की ऋषि कपूर स्टारर फिल्म 'कर्ज' समेत 70 और 80 के दशकों की कई यादगार फिल्मों के नायक राज किरण पिछले 20 सालों अमेरिका के एक अस्पताल में भर्ती हैं। राज किरण के मित्र और फिल्म 'कर्ज' में उनके अगले जन्म का रोल निभाने वाले अभिनेता ऋषि कपूर ने उन्हें खोज निकाला। इन दिनों राज किरण अटलांटा के मानसिक रोग अस्पताल में खुद के खर्चे से इलाज करवा रहे हैं। पिछले डेढ़-दो दशकों से बॉलीवुड में किसी को भी इस शानदार अभिनेता की खोजखबर नहीं थी। उनके करीबी दोस्त भी यह मानने लगे थे कि वह अब इस दुनिया में नहीं हैं। लेकिन उनके करीबी मित्र ऋषि कपूर यह मानने को तैयार नहीं थे। कई फिल्मों में राज के साथ अभिनय कर चुकीं दीप्ति नवल को भी इस पर यकीन नहीं था। उन्होंने सोशल वेबसाइट फेसबुक पर एक संदेश जारी किया जिसमें उन्होंने लिखा, 'फिल्मी दुनिया के दोस्त की तलाश है। उनका नाम राज किरण है। हमें उनकी कोई खबर नहीं है। आखिरी बार उनके बारे में यह सुना था कि वह न्यूयॉर्क में कैब चला रहे हैं। अगर किसी के पास कोई जानकारी है तो आपसे गुजारिश है कि हमें बताइए।' अब मीडिया में आई खबर के मुताबिक पिछले दिनों अमेरिका गए ऋषि को उनका पता चल गया है। ऋषि कपूर बोले, 'मैं यही सोच रहा था कि राज कहां चला गया? यह सवाल मुझे बारबार परेशान कर रहा था। मैंने राज किरण को खोजने के लिए उनके बड़े भाई गोविंद मेहतानी से संपर्क साधने का फैसला किया। इसके बाद मुझे राज किरण के अटलांटा में होने का पता चला। लेकिन मुझे इस बात पर तसल्ली हुई कि वह जिंदा है। लेकिन राज को एक मानसिक रोग अस्पताल तक सीमित कर दिया गया है। सबसे ज़्यादा परेशान करने वाली बात यह है कि उनके परिवार ने भी कमोबेश उन्हें छोड़ दिया है।' ऋषि के मुताबिक राज अपने इलाज का खर्चा खुद उठाते हैं। इसके लिए वह अस्पताल में ही काम करते हैं। ऋषि ने कहा, 'राज मुझसे उम्र में छोटे हैं, लेकिन मैंने उनके साथ खाली वक्त में खूब मस्ती की है। मैं उनकी कमी महसूस करता हूं।' बॉलीवुड में राज किरण को जानने वाले मानते हैं कि राज को उनकी पत्नी और बेटे ने छोड़ दिया था। यह मानसिक झटका राज बर्दाश्त नहीं कर पाए। उनका मूड बहुत तेजी से बदलता था और उनका इलाज काफी महंगा होने के चलते लगता है कि परिवार उनका साथ नहीं दे पाया। राज किरण ने घरेलू मुश्किलों के पूरे सिलसिले का सामना किया और अवसाद भरी जिंदगी जीने के लिए मजबूर हो गए। उनके परिवार में उनके बड़े भाई गोविंद और छोटा भाई अजीत हैं। लेकिन दोनों ही उनके संपर्क में नहीं हैं। जब ऋषि ने गोविंद से राज का फोन नंबर मांगा तो उन्होंने कहा कि उनके पास नंबर नहीं है। ऋषि ने कहा, 'मैं फोन पर राज से बात करना चाहता था। लेकिन अब मैं खुद अमेरिका जाऊंगा और उनसे घर लौटने को कहूंगा।' ऋषि कपूर राज किरण को मुंबई वापस लाना चाहते हैं और उनकी फिल्मों में वापसी भी कराना चाहते हैं। इस बारे में उन्होंने कहा, 'मैं चाहता हूं कि राज को पता चले कि मैं उनकी फिक्र करता हूं। मैं खुद उन्हें रोल दिलाने की कोशिश करूंगा।'
राज किरण के करीबियों का मानना है कि राज बॉलीवुड में काम नहीं कर रहे थे, लेकिन उन्होंने अच्छा निवेश कर रखा था, जिसके चलते उन्हें बीमारी के दौरान आर्थिक दिक्कतों का कम सामना करना पड़ा। राज किरण की यादगार फिल्में कागज की नाव, घर हो तो ऐसा, कारण, कर्ज और अर्थ हैं। लापता होने से पहले उन्होंने सुभाष घई, महेश भट्ट और बी आर इशारा जैसे फिल्मकारों के साथ काम किया था।
Subscribe to:
Posts (Atom)









