Total Pageviews

Tuesday, December 6, 2011

प्रीति जिंटा की फिल्म में फ्रेंच अभिनेत्री


मुंबई. (देश दुनिया). अभिनेत्री प्रीति जिंटा ने अपनी होम प्रोड्क्शन फिल्म इश्क इन पेरिस के लिए फ्रेंच अभिनेत्री इसाबेल अदजानी को साइन किया है। बतौर निर्माता यह प्रीति की पहली फिल्म होगी। इस फिल्म का निर्देशन प्रेम राज करेंगे। फिल्म में कथावाचक की भूमिका निभा रहीं इसाबेल पेरिस की खूबसूरती से वाकिफ कराएंगी। इसकेलिए वह हिंदी सीख रही हैं। फिल्म में वह हिंदी और फ्रेंच फर्राटे से बोलती नजर आएंगी। सूत्रों के मुताबिक कुछ महीने पहले प्रीति और प्रेम ने इसाबेल को फिल्म की पटकथा भेजी थी, जो उन्हें बहुत पसंद आई और उन्होंने काम करना मंजूर कर लिया। वह 12 दिसंबर से फिल्म की शूटिंग शुरू करेंगी। प्रिटी उन्हें साइन करने से बेहद उत्साहित हैं। इसाबेल को प्रतिष्ठित टाइम मैगजीन ने विश्व सिनेमा की सर्वकालिक सुंदरियों में शामिल किया था। 

सहायक निर्देशक की भूमिका में रितिक रोशन


मुंबई. (देश दुनिया). बालीवुड फिल्म ‘कृष’ के सीक्वल में रितिक रोशन न केवल अभिनय करते दिखेंगे बल्कि फिल्म के लिए वह सहायक निर्देशक के तौर पर भी हाथ आजमा रहे हैं। अभिनेता ने अपने पिता राकेश रोशन की फिल्म ‘कोयला’ और ‘करण अर्जुन’ में उनका सहयोग किया था। अब, 14 बरस के बाद वह पिता की ही फिल्म में एक बार फिर से निर्देशन में मदद करेंगे। निर्देशक राकेश रोशन ने कहा कि रितिक ने हमेशा मेरी मदद की है। हम दोनों ने कई बार साथ काम किया है। फिल्मिस्तान स्टूडियो में फिल्म के उद्घाटन के मौके पर रितिक ने अपने पापा के साथ शॉट चयन और सृजनात्मक फैसलों में मदद की। विवेक ओबेराय, कंगना राणावत और प्रियंका चोपड़ा के साथ ‘कृष’ के सीक्वल का पहले शिड्यूल खत्म होने के बाद रितिक अदाकार के तौर पर भी फिल्म से जुड़ेंगे। 

Friday, December 2, 2011

वीर जारा के सीक्वल में अनुष्का


मुंबई. (देश दुनिया). अभिनेत्री अनुष्का शर्मा जल्द ही शाहरुख खान के साथ एक बार फिर बड़े पर्दे पर दिखाई देंगी। यशराज बैनर अपनी सुपरहिट फिल्म वीर जारा का सीक्वल बनाने की तैयारी में हैं। फिल्म में कट्रीना कैफ और शाहरुख मुख्य भूमिकाओं में हैं। माना जा रहा है कि इसमें अनुष्का वकील का किरदार निभा सकती हैं, जो रानी मुखर्जी ने वीर जारा में निभाया था।इस फिल्म का निर्देशन यश चोपड़ा स्वयं करेंगे। वह सात साल बाद निर्देशन में वापसी कर रहे हैं। इससे पहले उन्होंने साल 2004 में वीर जारा का निर्देशन किया था। अनुष्का भी उनके साथ काम करने को लेकर काफी उत्सुक हैं। 

रामगोपाल की अगली फिल्म में लक्ष्मी मांचू


मुंबई. (देश दुनिया). इंटरनेशनल स्टार लक्ष्मी मांचू जल्द ही रामगोपाल वर्मा की अगली फिल्म में नजर आने वाली हैं। लक्ष्मी इसके पहले लास वेगास, बॉस्टन लीगल, दि ओड, मिस्ट्री ईआर व डेस्परेट हाउसव्हाइव्स आदि टेलीविजन धारावाहिकों में काम कर चुकी हैं। रामू उन्हें संजय दत्त के अपोजिट कास्ट कर रहे हैं। लक्ष्मी को बॉलीवुड की पहली फिल्म में ही महानायक अमिताभ बच्चन के साथ काम करने का मौका मिलेगा। फिल्म ‘डिपार्टमेंट’ में संजय दत्त, बिग बी व राणा दगगुबत्ती आदि कलाकार हैं। आपको बता दें कि लक्ष्मी भारतीय मूल की ही हैं। दक्षिण के सितारे मोहन बाबू की बेटी लक्ष्मी ने एक लघु फिल्म ‘द परफेक्ट लाइफ’ की पटकथा लिखी व निर्देशन भी किया है। इसके पहले भी वे रामू की तेलुगु फिल्म में काम कर चुकी हैं। यह लक्ष्मी की पहली हिंदी फिल्म होगी। भाषा का अल्प ज्ञान होने की बात पर वे कहती हैं ‘यह पहली हिंदी फिल्म हैं। इसके पहले मैंने अपनी जिंदगी में इतनी हिंदी बोली ही नहीं है। हिंदी का प्रयोग केवल कॉलेज से बंक मार कर ऑटो पकडऩे के लिए की है।’

मल्लिका ने ली बिपाशा की जगह


मुंबई.(देश दुनिया). बिपाशा बसु को ‘ग्यारह चालीस की लास्ट मेट्रो’ से हटा दिया गया है और उनकी जगह दूसरी हॉट एक्ट्रेस मल्लिका शेरावत ने ले ली है। विवेक ओबेरॉय को लेकर ‍बनाई जा रही यह फिल्म ‘एक चालीस की लास्ट लोकल’ का सीक्वल है। सूत्रों के मुताबिक बिपाशा बासु के नाम पर मोहर लग चुकी थी। उन्हें भी स्क्रिप्ट पसंद आई थी। ऐन वक्त पर धड़धड़ाते हुए मल्लिका की एंट्री हो गई। पता नहीं उन्होंने फिल्म के निर्माता और निर्देशक पर क्या जादू चला दिया, जो बिप्स का नाम काट दिया गया और मल्लिका को फिल्म से जोड़ लिया गया। इसकी वजह ये बताई जा रही है कि फिल्म में एक पंजाबी लड़की की भूमिका है। अब फिल्म के मेकर्स को लगने लगा है कि बिप्स के बजाय मल्लिका यह रोल बेहतर तरीके से निभा सकती हैं, इसलिए मल्लिका को ले लिया गया। 

मराठी अभिनेत्री सेक्स रैकेट में गिरफ्तार

मुंबई. (देश दुनिया). मराठी फिल्मों की 80-90 दशक की मशहूर अभिनेत्री पद्मजा बापट (54) को पुणे पुलिस ने सेक्स रैकेट चलाने के आरोप में गिरफ्तार किया। पुलिस ने बापट के साथ सेक्ट रैकेट में शामिल दो अन्य महिलाओं को भी गिरफ्तार किया था। मगर उनके नाम का खुलासा अभी तक नहीं हुआ है। पुणे पुलिस को शहर के पॉश इलाके उंद्री में सेक्स रैकेट चलने की जानकारी मुखबिर से मिली थी। इस सूचना की दफ्तीश करने पर अभिनेत्री पद्मजा बापट द्वारा एक रो-हाउस से सेक्स रैकेट चलाये जाने की पुष्टि हुई। पुलिस का कहना है कि बापट अपने ग्राहकों से पहले मोबाइल के जरिए संपर्क करती थी और ग्राहक के रईस होने का विश्वास होने पर ही बात आगे बढ़ाती थी। 

बिना फीस के काम करेंगी जैकलीन


मुंबई. (देश दुनिया). पूर्व मिस श्रीलंका जैकलीन फर्नाडीज जल्द ही अपने देश की एक फिल्म में बिना फीस के काम करेंगी। मर्डर 2 जैसी हिट फिल्म दे चुकी अभिनेत्री इन दिनों एक विज्ञापन की शूटिंग के सिलसिले में स्वदेश में हैं। वहां उन्हें एक फिल्म में काम करने का प्रस्ताव मिला, जिसके लिए उन्हें मात्र 10 हजार डॉलर (करीब पांच लाख रुपये) की पेशकश की गई।बॉलीवुड में मोटी फीस लेने वाली अभिनेत्री के लिए यह रकम काफी कम थी। सो, वह इस फिल्म में मुफ्त में काम करने को तैयार हो गई। श्रीलंकाई फिल्मों का बजट बॉलीवुड के मुकाबले बहुत ही कम होता है। वहां एक कलाकार को अधिकतम एक हजार डॉलर (करीब 51 हजार रुपये) मेहनताना दिया जाता है। 

Thursday, December 1, 2011

'बोल बच्चन' के वर्ल्ड राइट्स 94 करोड़ में बिके

मुंबई. (देश दुनिया). अजय देवगन और अभिषेक की आने वाली फिल्म 'बोल बच्चन' फिल्म के वर्ल्ड थिएट्रिकल राइट्स 94 करोड़ रुपए में बिक गए हैं। कुछ दिनों पहले इस फिल्म के लिए 53 करोड़ रुपये की डील होने वाली थी, जो कि किसी वजह से नहीं हो सकी थी। इसके चलते अजय काफी परेशान भी हो गये थे। लेकिन अब फॉक्स स्टार स्टूडियोज के साथ हुई डील की वजह से उन्हें 41 करोड़ का फायदा हुआ है।  

आमिर का एकता को इंकार


मुंबई. (देश दुनिया). एकता कपूर नई फिल्म बनाने की तैयारी में जुट गई हैं। इस बार उनकी योजना अमूल डेयरी के जरिए श्वेत क्रांति लाने वाले वर्गिस कुरियन पर फिल्म बनाने की है। इसमें वे आमिर खान को साइन करना चाहतीं थीं, लेकिन उन्होंने इंकार कर दिया। दरअसल, एकता के प्रोडक्शन हाउस के लिए साहिब बीवी और गैंगस्टर और रागिनी एमएमएस जैसी फिल्म बना चुके तिगमांशु धूलिया किसी उपन्यास पर फिल्म बनाना चाहते थे। उनके किसी मित्र ने उन्हें वर्गिस के जीवन पर फिल्म बनाने का आइडिया दिया, जो उन्हें बहुत पसंद आया। एकता को भी यह आइडिया भा गया। दोनों को लगा कि आमिर इस भूमिका में फिट बैठेंगे। मगर उनके इंकार से दोनों के अरमान धरे रह गए। 

‘डैम 999’ के निर्देशक सुप्रीम कोर्ट में


 दिल्ली.(देश दुनिया). फिल्म ‘डैम 999’ से अपने निर्देशन करियर की शुरूआत कर रहे फिल्मकार सोहन राय ने तमिलनाडु में अपनी फिल्म पर लगी रोक के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट की शरण ली है। इस फिल्म से प्रदेश में बड़ा राजनीतिक तूफान उठ खड़ा हुआ है। मामले पर एक दो दिन में सुनवाई होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा, मुझे विवादों की आशंका थी लेकिन मैंने यह नहीं सोचा था कि गलतफहमियों के कारण फिल्म पर प्रतिबंध लग जाएगा। मेरे पास कोई अन्य विकल्प नहीं था क्योंकि यह मौलिक अधिकारों का उल्लंघन है। निर्देशक ने कहा, हमने सुप्रीम कोर्ट में इसे चुनौती दी है और पूरा भरोसा है कि फैसला हमारे पक्ष में आएगा। उन्होंने कहा, जब सेंसर बोर्ड ने इसे पास कर दिया तो इस पर रोक लगाने वाले वे कौन होते हैं। राय ने बताया कि यह फिल्म भारत के पुराने हो गए बांधों की कहानी हैं। मुल्लापेरियार बांध के पास के इलाके में रहने वाले राय ने कहा कि चार साल पहले उन्होंने इस फिल्म को बनाने का फैसला किया था।