Total Pageviews

Monday, July 25, 2011

रोशनी चोपड़ा की फिल्मी पारी शुरू

मुंबई.(देश दुनिया). विक्रम भट्ट की फिल्म "फिर" से रोशनी चोपड़ा अपनी फिल्मी पारी शुरू कर रही है. ये फिल्म एक कपल को लेकर बुना गया रोमांटिक थ्रिलर है, मैं सिया का रोल कर रही हूं, जो रजनीश की पत्नी है और न्यू कैसल में रहती है। एक दिन इस खुशहाल जोड़े में से पत्नी लापता हो जाती है। यहीं से सस्पेंस शुरू होता है। इस फिल्म में सब कुछ डर को लेकर नहीं है। इसमें रहस्य-रोमांच ज्यादा है।

कोंकणा सेन मां के जीवन को जीवंत करेंगी



कोलकाता. (देश दुनिया). फिल्म निर्देशक अपर्णा सेन की नई फिल्म इति मृणालिनी में उनकी बेटी कोंकणा सेन अपनी अभिनेत्री मां के सत्तर एवं अस्सी के दशक के जीवन को जीवंत करती नजर आएंगी।  इस फिल्म का निर्देशन अपर्णा खुद करेंगी। इसमें उनके आत्महत्या के प्रयास से पहले की कहानी शामिल होगी। कोंकणा इस फिल्म में युवा अवस्था के किरदार में नजर आएंगी और अपर्णा प्रौढ़ावस्था की भूमिका में। बांग्ला फिल्मों की सुपर हिट अभिनेत्री रही 65 वर्षीय अपर्णा का कहती है मेरे आसपास ऐसे बहुत से लोग हैं जिनके जीवन से मैंने यह बातें सीखी हैं। मैं उन लोगों का नाम नहीं ले सकती।  


संस्कृत की टीचर पार्वती भाभी

मुंबई.(देश दुनिया). ‘कहानी घर घर की’ पार्वती भाभी अभिनेत्री साक्षी तंवर अब एक नए अंदाज में सनी देओल के साथ नजर आएगी. वे डॉक्टर चंद्रप्रकाश द्विवेदी निर्देशित फिल्म ‘मोहल्ला अस्सी’ में मुख्य किरदार में हैं. इस फिल्म में उन्होंने सनी देओल की पत्नी सावित्री का किरदार निभाया है, जो कि संस्कृत की टीचर है। इसमें पति पत्नी के रिश्तों के साथ अच्छे व बुरे समय का चित्रण है। 

पहली ‘बॉन्ड गर्ल’ लिंडा क्रिस्टियन का निधन

मुंबई. (देश दुनिया). पहली ‘बॉन्ड गर्ल’ का किरदार निभाने वाली अभिनेत्री लिंडा क्रिस्टियन का 87 साल की उम्र में निधन हो गया। क्रिस्टियन ने अमेरिका में फिल्म करियर के लिए 1923 में मैक्सिको छोड़ दिया था। एनबीसी के अनुसार वे कोलोन कैंसर से लंबे समय से पीड़ित थीं। अभिनेत्री एक सम्पन्न परिवार से थीं और उसने तेल के व्यापारी अपने पिता के साथ दुनिया भर की सैर की। क्रिस्टियन को सात भाषाओं का ज्ञान था। अपने सौन्दर्य के कारण हॉलीवुड में ‘एनॉटोमिक बम’ के रूप में ख्याति अर्जित करने से पहले उन्होंने कई सौन्दर्य प्रतियोगिताएं जीतीं। 1954 में उन्होंने 007 सीकेट्र एजेंट ‘बॉन्ड’ का किरदार निभा रहे बेरी नेल्सन के साथ ‘कसीनो रॉयल’ में उनकी प्रेमिका की भूमिका निभाई।   सन 1949 में उन्होंने हॉलीवुड स्टार ए. लीस्टर से शादी कर ली, जिससे उनके करियर का रास्ता प्रशस्त हुआ। उनकी दो बेटी रोमिना पॉवर और टारन पावर हैं और आठ नाती-पोते हैं। 

फिल्म निर्माता ने खेर से मांगे 2.5 करोड़

मुंबई.(देश दुनिया). बॉलीवुड अभिनेता अनुपम खेर मुश्किल में घिर गए हैं। गांधी टू हिटलर फिल्म के निर्माता ने खेर पर केस कर 2.5 करोड़ रूपए मांगे हैं। दरअसल खेर ने गांधी टू हिटलर फिल्म साइन की थी। इसके एवज में उन्हें 4 चार लाख रूपए मिले थे। खेर ने किसी कारण से फिल्म करने से मना कर दिया। खेर ने फिल्म तो छोड़ दी लेकिन निर्माता को पैसे नहीं लौटाए। फिल्म निर्माता काफी समय से अनुपम खेर से पैसा लौटाने को कह रहे थे लेकिन उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया। फिल्म के सह निर्माता नलिन सिंह के मुताबिक एक तो खेर ने उन्हें बिना बताए फिल्म छोड़ दी। अब पैसे भी नहीं लौटा रहे हैं। वहीं खेर का कहना है कि फिल्म निर्माता प्रचार के लिए उनके नाम का इस्तेमाल कर रहे हैं। फिल्म के प्रदर्शन से पहले विवाद खड़ा कर रहे हैं। गौरतलब है कि खेर ने एक प्रेस कांफ्रेंस में फिल्म नहीं करने की घोषणा की थी। खेर ने कहा था कि प्रशंसकों की अपील की वजह से वह फिल्म नहीं करना चाहते। 

आरक्षण की टीम को अपनी धुनों पर नचा दिया


मुंबई. (देश दुनिया). भारत के मेगास्टार अमिताभ बच्चन बॉलीवुड की उन चुनिंदा हस्तियों में शुमार किए जाते हैं जो बहुत हाईटेक समझे जाते हैं. इसकी एक और मिसाल उस वक्त मिली जब उन्होंने आरक्षण फिल्म की टीम को अपनी धुनों पर नचा दिया.  प्रकाश झा की फिल्म आरक्षण पूरी होने की खुशी में एक पार्टी दी गई जिसमें बिग बी डीजे बने. उन्होंने अपने मशहूर गाने 'रंग बरसे' और 'कभी कभी' के साथ युवाओं को खूब झुमाया. ज्यादातर भोपाल में शूट होने वाली आरक्षण 12 अगस्त को रिलीज़ होगी. शूटिंग के दौरान फिल्म की टीम एक परिवार में तब्दील हो गई.  68 साल के अमिताभ बच्चन गानों को मिक्स कर रहे थे. जब उन्हें लगता कि पार्टी धीमी पड़ रही है तो वह चटखारेदार गाने बजाते. आरक्षण फिल्म की टीम 'कभी कभी' से लेकर 'कजरारे कजरारे' तक सभी पर झूमने को मजबूर थी. मिनटों के भीतर ही बहुत सौम्य और संतुलित रहने वाले प्रकाश झा के पैर भी डांस फ्लोर पर थिरकते नजर आए.

Sunday, July 24, 2011

सलमान के बॉडीगार्ड को पता है हर राज


मुंबई.(देश दुनिया).  अभिनेता सलमान खान नहीं चाहते हैं कि लंबे वक्त से उनके अंगरक्षक के तौर पर काम कर रहे शेरा उन पर कोई किताब लिखें। अपनी आगामी फिल्म बॉडीगार्ड का प्रोमो रिलीज करते हुए सलमान ने कहा मैं प्रार्थना करना हूं कि वह कभी कोई किताब नहीं लिखे। अगर वह ऐसा करता है तो, मैं तो गया। शेरा फिल्म बॉडीगार्ड के निर्देशक हैं। सलमान हमेशा अपने बर्ताव के कारण विवादों में घिरे रहे हैं फिर चाहे वह पत्रकारों के साथ हाथापाई करना हो, अंडरव‌र्ल्ड के साथ उनके संबंधों के कारण हो या फिर सोमी अली से ऐशवर्या राय तक अपनी महिला मित्रों के साथ खराब बर्ताव करना हो। सलमान का कहना है कि वह शेरा पर बहुत यकीन करते हैं। वह पिछले 15 सालों से सलमान के अंगरक्षक हैं। सलमान का कहना है मैं उन पर पूरा यकीन कर सकता हूं। मैं उनपर पैसे, परिवार, अपने जीवन, और शराब पीने से पहले और उसके बाद मेरे जीवन में आने वाली सभी महिलाओं को लेकर भी पूरा विश्वास करता हूं। वह विश्वासपात्र है। वह मेरे जीवन का हिस्सा रही सभी महिलाओं के भी अंगरक्षक रहे हैं।  

सुनील शेट्टी को समन

मुंबई.(देश दुनिया). दिल्ली उच्च न्यायालय ने एक स्टंटमैन की याचिका पर फिल्म अभिनेता सुनील शेट्टी को समन भेजा है. दिल्ली के एक स्टंटमैन ने उच्च न्यायालय में याचिका दायर करके फिल्म अभिनेता सुनील शेट्टी पर करीब एक करोड़ रूपये का भुगतान नहीं करने का आरोप लगाया. दिल्ली उच्च न्यायालय ने इस अभिनेता को 19 अक्तूबर को उसके सामने हाजिर होने के लिए समन भेज दिया है. न्यायालय के संयुक्त रजिस्ट्रार गिरीश कथपालिया ने शेट्टी और उनकी फिल्म निर्माता कंपनी पाप कार्न एंटरटेनमेंट प्राइवेट लिमिटेड को समन भेजकर 19 अक्तूबर को निजी तौर पर या अपने अधिवक्ता के जरिये पेश होने के लिए कहा. शेट्टी को भेजे गये समन में कहा गया कि इस अभिनेता को अदालत के सामने खुद या अधिवक्ता के जरिये पेश होने के लिए समन भेजा जा रहा है, ताकि इस वाद से संबंधित सवालों के विस्तृत जवाब मिल सकें. अदालत ने साथ ही 30 दिन के अंदर 'अपने बचाव में और कही गई तारीख को सभी दस्तावेज पेश करने के लिए एक लिखित बयान' पेश करने के भी निर्देश दिये. अदालत का नोटिस स्वीकार करते हुए शेट्टी के अधिवक्ता विनीत धांडा ने कहा कि स्टंटमैन पूरन चौहान खुद फर्जी बनाये गये दस्तावेजों के आधार पर दावे कर रहा है. अधिवक्ता ने अदालत से कहा, 'शारीरिक रूप से विकलांग पूरन चौहान के दावों में विरोधाभास है, क्योंकि उसने मजिस्ट्रेट के सामने कुछ कहा और निर्माताओं के संगठन के सामने कुछ और वर्तमान मामले में बिल्कुल अलग.' शेट्टी की कंपनी से 97 लाख 98 हजार 630 रूपये हासिल करने के लिए दायर वाद में चौहान ने आरोप लगाया कि 2007 में फिल्म 'द लिटिल गाड फायर' की शूटिंग के दौरान उसकी सेवाएं ली गईं लेकिन उसे भुगतान नहीं किया गया. बाद में कहा गया कि शेट्टी की कंपनी ने 11 जुलाई 2006 में मुंबई सिलसिलेवार ट्रेन विस्फोटों के पीडि़तों की दुर्दशा दिखाने वाली एक डाक्यूमेंटरी फिल्म बनाने का फैसला किया और फिल्म के निर्देशक ने इस फिल्म में अभिनय के लिए चौहान से बात की. चौहान ने कहा कि उसे उसकी सेवाओं के लिए अच्छी खासी रकम देने का वादा किया गया लेकिन शेट्टी ने प्रस्ताव पत्र के मुताबिक भुगतान नहीं किया. अपने वाद में चौहान ने कहा कि उसके प्रयासों से ही पश्चिमी एवं मध्य रेलवे ने मुंबई में विभिन्न रेलवे स्थलों का प्रयोग करने के बावजूद शेट्टी को तीन करोड़ 94 लाख रूपये की छूट दी थी. चौहान ने आरोप लगाया कि उसका बकाया भुगतान करने के बजाय शेट्टी ने फिर से पैसे मांगने पर उसे गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी.

कहानी में एक 14 साल के बच्चे की


मुंबई. (देश दुनिया). निर्देशक संजीवन लाल ने अपनी फिल्म बबलगम में उम्र के सबसे खूबसूरत दौर को एक नए अंदाज में प्रस्तुत किया है। फिल्म पृष्ठभूमि में जमशेदपुर को दिखाया गया है। कहानी में एक 14 साल का बच्चा वेदांत है जिस पर उसके माता-पिता कम ध्यान देते हैं। माता-पिता का सारा ध्यान उसके भाई विदुर पर होता है जो कि सुन और बोल नहीं सकता है। विदुर छह सालों बाद हॉस्टल से होली की छुट्टियों में घर आता है। वेदांत को उसके साथ समय गुजारने के बाद अहसास होता है कि क्यों उसके माता-पिता का ध्यान भाई पर ज्यादा होता है। फिल्म 29 जुलाई को प्रदर्शित होगी। 

याना गुप्ता एक बार फिर से खबरों में

मुंबई.(देश दुनिया). आइटम सांग 'बाबू जी जरा धीरे चलना' से बॉलीवुड में सनसनी मचाने वाली याना गुप्ता एक बार फिर से खबरों में हैं। पिछले साल नवंबर में एक कार्यक्रम के दौरान उनके बिना पैंटी पहने ही पहुँचने पर वे खबरों में छाईं रहीं। इसके लिए उनकी काफी आलोचना भी हुई थी। प्रणव प्रकाश नाम के पेंटर ने एक पेंटिंग बनाई है। इसमें याना को वन पीस काली ड्रेस में और उनके बगल में ही दो गरीब बच्चों को दिखाया गया है जिनके बदन पर कोई भी कपड़ा नहीं है। प्रकाश के अनुसार उन्होंने भारत और इंडिया के बीच अंतर दिखाने के लिए यह पेंटिंग बनाई है। याना ने अपनी इस पेंटिंग को पसंद किया है। हालांकि याना ने पेंटिंग खरीदने की संभावना से इंकार कर दिया है। याना ने प्रकाश के इस प्रयास की सराहना की है। प्रकाश ने बताया है कि याना स्टूडियो आकर उनकी बनाई कलाकृतियां देखना चाहती हैं। भारत में जहां कई लोगों के पास पहनने के लिए कपड़े नहीं हैं वहीं अमीर लोग फाइव स्टार फैशन के नाम पर कपड़े नहीं पहनते हैं।