Total Pageviews

Friday, April 27, 2012

‘गुलाब गैंग’ की सरगना बनेंगी माधुरी

मुंबई. (देश दुनिया). अभिनेत्री माधुरी दीक्षित अब बड़े परदे पर समाज से अन्याय मिटाने के लिए बनी महिलाओं के गैंग की सरगना बनेंगी। फिल्म में माधुरी गुलाब का रोल करेंगी। फिल्म 'रा.वन' के निर्देशक अनुभव सिन्हा जल्द ही एक फिल्म प्रोड्यूस करने जा रहे हैं जिसका नाम ‘गुलाब गैंग’ है। फिल्म में माधुरी गुलाब का रोल करेंगी जबकि महिलाओं की बाकी टीम के लिए शबाना आजमी, रवीना टंडन और माही गिल का नाम सामने आया है। फिल्म के डायरेक्टर सौमिक सेन हैं।

सौंवां हैप्पी बर्थ डे जोहरा सहगल

मुंबई.(देश दुनिया).  सात दशकों से दर्शकों का मनोरंजन कर रहीं भारतीय सिनेमा की सबसे वयोवृद्ध फिल्म अभिनेत्री जोहरा सहगल शुक्रवार को 100 साल की हो गई। फिल्म ‘हम दिल दे चुके सनम’, ‘दिल से’ और ‘चीनी कम’ में काम कर चुकीं सहगल को अंतिम बार 2007 में आई संजय लीला भंसाली की फिल्म ‘सांवरिया’ में देखा गया था। 27 अप्रैल 1912 को उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में जन्मी जोहरा अपने सात भाई बहनों में तीसरे नंबर की हैं। जोहरा ने 1935 में उदय शंकर के साथ बतौर डांसर अपना कैरियर शुरू किया और इसके बाद उन्होंने जापान, इजिप्त, यूरोप और अमेरिका में अपने डांस कार्यक्रम पेश किए। जोहरा का अगस्त 1942 में वैज्ञानिक, पेंटर और डांसर कामेश्वर सहगल से विवाह हुआ। सहगल दंपति की दो संतानें हैं, किरण और पवन। जोहरा अपने कैरियर के दौरान ज्यादातर थियेटर ही किए, उन्होंने पृथ्वीराज कपूर के पृथ्वी थियेटर में करीब 14 साल तक काम किया।

‘जिस्म 2′ के लिए गाएंगे अजमत अली

मुंबई. (देश दुनिया). पूजा भट्ट ने अपने निर्देशन में बन रही फिल्म ‘जिस्म 2′ के लिए पाकिस्तानी गायक अली अजमत से एक बार फिर से करार किया है। इस बार वह फिल्म के दो गीतों में अपनी आवाज देंगे।   पूजा ने अपने ट्विटर अकाउंट पर लिखा, मैं मेरे दोस्त अली अजमत के ‘जिस्म 2′ के दो गीतों में अपनी आवाज देने की आभारी हूं। तुम ने साबित कर दिया कि वीजा हो या ना हो, लेकिन संगीत की कोई सरहद नहीं होती। अजमत लोकप्रिय बैंड ‘जुनून’ के प्रमुख गायक हैं। उन्होंने पूजा के निर्देशन में बनी पहली फिल्म ‘पाप’ के गीत ‘गरज बरस’ में भी अपनी आवाज दी थी। ‘जिस्म 2′ से भारतीय मूल की कनाडाई अभिनेत्री सनी लियोन भी बॉलीवुड में अपनी पारी की शुरुआत कर रही हैं। 

मोबाइल कंपनी की ब्रांड एंबेसडर बनी सनी लियोन

मुंबई. (देश दुनिया). मोबाइल कंपनी चेज ने कनाडाई पोर्न स्टार सनी लियोन को अपना ब्रांड एंबेसडर बनाया है। जल्द ही वह इस कंपनी के विज्ञापन में मोबाइल हैंडसेट का प्रचार करती नजर आएंगी। इस विज्ञापन की शूटिंग बैंकाक में की गई है। लियोन उर्फ करेन मल्होत्रा छोटे पर्दे के रियलिटी शो बिग बॉस सीजन-5 में अपनी कामुक अदाओं को लेकर सुर्खियों में आई थीं। शो के दौरान ही फिल्ममेकर महेश भट्ट ने लियोन को अपनी फिल्म जिस्म के सीक्वल के लिए साइन किया था। गौरतलब है कि फिल्म का निर्देशन उनकी बेटी और अपने जमाने की जानी-मानी अभिनेत्री पूजा भट्ट कर रही हैं। 

राजेश खन्ना हॉस्पिटल में भर्ती

मुंबई. (देश दुनिया).  फिल्म अभिनेता राजेश खन्ना को खराब सेहत के चलते मुंबई के लीलावती हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। सूत्रों के अनुसार खन्ना के स्वास्थ्य पर अनुभवी डॉक्टर नजर रखे हुए हैं। देखरेख के लिए पत्नी डिंपल कपाडिया उनके साथ हैं।

Thursday, April 26, 2012

एक रहस्यमय लड़की की भूमिका

मुंबई. (देश दुनिया). वर्ष 2005 की मिस इंडिया-अर्थ अभिनेत्री निहारिका सिंह की पहली ही फिल्म ‘मिस लवली’ कान फिल्म फेस्टिवल के लिए चुनी गई है। निहारिका अब तक तीन फिल्मों में काम कर चुकी हैं, लेकिन ‘मिस लवली’ उनकी पहली रिलीज होगी। इसे लेकर निहारिका बेहद उत्साहित है। वह एक रहस्यमय लड़की की भूमिका निभा रही हैं। इस लड़की बारे में कोई नहीं जानता कि वह कहां से आई, क्या करना चाहती है।

सिंगापुर में होगा आईफा अवार्ड समारोह

नई दिल्ली. (देश दुनिया). भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म अकादमी ने 13वें आईफा अवार्ड समारोह का आयोजन इस साल 7 से 9 जून के बीच सिंगापुर में होने की घोषणा की है। वर्ष 2004 के बाद आईफा का आयोजन लॉइन सिटी सिंगापुर में दूसरी बार किया जाएगा। पिछले 12 साल में हिंदी फिल्म जगत का यह भव्य आयोजन चीन, यूरोप, पश्चिम एशिया, थाइलैंड, श्रीलंका और कनाडा की यात्रा कर चुका है। आयोजन सिंगापुर पर्यटन बोर्ड की मदद से किया जाएगा और आज सिंगापुर में अभिनेता अनिल कपूर तथा अभिनेत्री बिपाशा बसु ने इस बाबत घोषणा की। अनिल ने सिंगापुर से फोन पर से कहा, मैं पिछले कुछ साल से आईफा से जुड़ा हुआ हूं। हर साल पुरस्कार समारोह को अच्छे से अच्छा बनाने की कोशिश है। यहां अवार्ड समारोह का आयोजन और भी आसान हो जाता है क्योंकि सरकार सहयोगी तथा सुव्यवस्थित है। उन्होंने कहा, यहां भारतीय सिनेमा को लेकर लोग बहुत उत्साहित रहते हैं। इस साल आईफा आयोजन ज्यादा बड़ा और बेहतर होगा। अनिल कूपर इस साल आईफा आयोजन से जुड़ी गतिविधियों में शामिल रहेंगे और उन्होंने तुर्की मेंअपनी फिल्म रेस 2 की शूटिंग तथा भारत में फिल्म तेज के प्रचार से समय निकालकर इसकी घोषणा की। इस तीन दिनी समारोह में एक फिल्म का वल्र्ड प्रीमियर,संगीत शो आइफा रॉक्स आदि का आयोजन किया जाएगा। 

गीता बसरा को तीन फ़िल्में मिली

मुंबई. (देश दुनिया). निर्माता नितिन मनमोहन ने गीता बसरा को तीन फिल्मों के लिए साइन किया है। गीता कहती हैं कि ये बात सच है कि तीन फिल्मों की डील हुई है, लेकिन मैं फिल्मों के बारे में ज्यादा बात नहीं कर सकती। क्रिकेटर हरभजनसिंह के साथ नजदीकियों के कारण चर्चित गीता पिछले कुछ वर्षों से बॉलीवुड में पैर जमाने की कोशिश कर रही है, लेकिन उन्हें असफलता ही हाथ लगी है। गीता का कहना है कि उन्हें ऑफर तो बहुत मिलते हैं, लेकिन उनमें दम नहीं होने के कारण उन्होंने वे फिल्में स्वीकार नहीं की। आने वाली‍ फिल्म जिला गाजियाबाद में गीता ने एक आइटम सांग किया है जिसके बोल हैं ‘गाजियाबाद की रानी हूं’। इसको लेकर गीता बेहद उत्साहित हैं और उनका मानना है कि यह आइटम नंबर उनके करियर में अहम भूमिका‍ निभा सकता है। गीता के मुताबिक 500 पुरुषों के बीच वे अकेली औरत हैं और रेमो ने कमाल की कोरियोग्राफी की है।

पूनम पांडे को एक करोड़ मिलेंगे

मुंबई. (देश दुनिया).  विवादों में रहने वाली मॉडल पूनम पांडे को अपनी आने वाली फिल्म ‘ आई एम 18′ के लिए एक करोड़ मिलेंगे। इस फिल्म के निर्देशक अमित सक्सेना हैं, जो जिस्म फिल्म को निर्देशित कर चुके हैं। पूनम पांडे की ये फिल्म इसी साल दिसंबर में पॉर्न स्टार सनी लियोन के साथ ही रिलीज होने वाली है। 

मैं शंघाई को भारत लाउंगा

मुंबई. (देश दुनिया). आने वाली फिल्म 'शंघाई' का ट्रेलर दर्शकों को सिंगूर और नंदीग्राम में भूमि अधिग्रहण की समस्या के साथ-साथ पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के उस दावे की भी याद दिलाता है जिसमें उन्होंने पश्चिम बंगाल को लंदन जैसा बनाने का वादा किया था। लेकिन, निर्देशक दिबाकर बनर्जी ने ऐसी किसी भी बात से इनकार किया है। जब दिबाकर से फिल्म और पश्चिम बंगाल में जो कुछ भी हुआ, इनके बीच की समानता के बारे में पूछा गया तो दिबाकर ने कहा कि किसी भी परिस्थिति और व्यक्ति से मेरी फिल्म प्रभावित नहीं है। सिंगूर में जो कुछ भी हुआ वह अन्य जगहों पर भी हुआ है। महाराष्ट्र में नेता जो कहते हैं वह कश्मीरी नेता भी कह सकते हैं। निर्देशक ने कहा कि इस घटना को किसी एक जगह पर केंद्रित करने से शंघाई का दायरा सीमित हो जाएगा। यह फिल्म पूरे भारतीय परिदृश्य को लेकर बनाई गई है जहां गरीबों के विस्थापन से विकास एक मुद्दा बन गया है। फिल्म के ट्रेलर में एक दृश्य है, जिसमें एक भारतीय मुख्यमंत्री कहता है मैं शंघाई को भारत लाउंगा। दूसरी ओर बंगाली फिल्मों के सुपरस्टार प्रसेनजीत चटर्जी फिल्म में एक राजनीतिक कार्यकर्ता की भूमिका निभा रहे हैं।