Total Pageviews

Wednesday, June 6, 2012

27 जुलाई को रिलीज होगी `जिस्म-2`

मुंबई. (देश दुनिया)।  सनी लियोन की पहली बॉलीवुड फिल्म `जिस्म-2` 27 जुलाई को रिलीज होगी। यह फिल्म 3 अगस्त को रिलीज होनी थी पर अब एक सप्ताह पहले होगी

उमराव जान का सीक्वल बनेगा

मुंबई। (देश दुनिया)। फिल्मकार मुजफ्फर अली अब अपने निर्देशन में बनी चर्चित फिल्म उमराव जान का सीक्वल बनाने जा रहे हैं। 1981 में बनी उनकी इस फिल्म में रेखा ने लीड भूमिका अदा की थी, जिसके लिए उन्हें नेशनल अवार्ड भी हासिल हुआ था। जाने माने स्क्रिप्ट राइटर जावेद सिद्दीकी इस फिल्म के सीक्वल के लिए डायलॉग और स्क्रिप्ट का काम कर रहे हैं। काफी समय से मुजफ्फर अली ने कोई फिल्म निर्देशित नहीं की है, इसलिए अब उनकी इच्छा है कि एक बार फिर वे निर्देशन के मैदान में अपनी उपस्थिति दर्ज करें। मुजफ्फर अली फिल्म निर्देशन के अलावा पेंटिंग बनाते हैं और कविताएं लिखते हैं। उनकी रुचि डिजाइनिंग में भी है। मुजफ्फर के बेटे शाद अली बॉलीवुड के युवा निर्देशक हैं, जो साथिया, बंटी और बबली और झूम बराबर झूम जैसी फिल्मों का निर्देशन कर चुके हैं।   

फिल्म में 300 किरदार

मुंबई। (देश दुनिया)। फिल्म 'गैंग्स ऑफ वासेपुर' के फिल्म निर्माता-निर्देशक अनुराग कश्यप का कहना है कि उनकी फिल्म में करीब 300 किरदार हैं। दो हिस्सों में बनी यह फिल्म पांच घंटे की है। पहला‌ हिस्सा भारत में इसी साल रिलीज किया जाएगा। अनुराग ने बताया कि 'गैंग्स ऑफ वासेपुर' में तिग्मांशु सबसे लंबा किरदार निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि तिशु हमेशा से ही अच्छे अभिनेता रहे हैं। लोगों को उनके बारे में ज्यादा पता नहीं है। इस फिल्म में मुख्य विलेन का किरदार निभाने वाले पान सिंह तोमर के निर्देशक तिग्मांशु धूलिया के बारे में कश्यप हमेशा से जानते थे कि उनमें एक बेहतरीन अभिनेता छिपा है। अनुराग ने भी तिग्मांशु की फिल्म शागिर्द में एक छोटी सी भूमिका निभाई थी इसलिये जब अनुराग ने 'गैंग्स ऑफ वासेपुर' पर काम शुरु किया तो उन्होंने तिग्मांशु से इसमें काम करने के लिये बात की। कम ही लोगों को पता है कि धूलिया पहले अभिनेता बनना चाहते थे और उन्होंने इसके लिये राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय दिल्ली में दाखिला भी लिया था। अनुराग ने कहा कि धूलिया ज्यादा अभिनय नहीं करना चाहते। वह फिल्में बनाना चाहते हैं पर मुझे लगता है कि वह अभिनय से ज्यादा देर तक दूर नहीं रह पायेंगे क्योंकि वह इसमें बहुत अच्छे हैं। 

'शादी के साइड इफेक्ट्स' में विद्या और फरहान

मुंबई। (देश दुनिया)। प्रीतीश नंदी की आगामी फिल्म 'शादी के साइड इफेक्ट्स' में विद्या बालन और फरहान अख्तर जोड़ी के रूप में नजर आएंगे। यह फिल्म 2006 में आई रोमांटिक फिल्म 'प्यार के साइड इफेक्ट्स' का सीक्वल है। पूर्व में आई फिल्म में राहुल बोस और मल्लिका सेहरावत रोमांटिक कॉमेडी में थे जिसमें आधुनिक संबंधों की कठिनाइयों को दिखाया गया था, जबकि सीक्वल में विद्या और फरहान हैं। इसमें दिखाया जाएगा कि शादी के बाद उनकी कहानी किस तरह बढ़ी। निर्माता प्रीतीश नंदी ने बताया कि हम तीन साल से सीक्वल की योजना बना रहे थे। हमने कहानी के साथ कभी समझौता नहीं किया, इसलिए हमें लिखते समय वक्त लिया। जहां तशा और सिद की कहानी छूटती है...कहानी वहां से अगे बढ़ती है...उनकी शादी होती है...उनके वैवाहिक जीवन में क्या परिवर्तन आते हैं...संबंधों में बदलाव। और वे किस तरह परिवर्तनों से निपटते हैं।

नाओमी वॉट्स बनेगी मर्लिन

लन्दन। (देश दुनिया)। अभिनेता ब्रैड पिट ने बीते दौर की अभिनेत्री मर्लिन मोनरो के जीवन पर फिल्म का निर्माण करने के लिए स्वीकृति दे दी है। लम्बे समय से इसका निर्माण टल रहा था। इस फिल्म में नाओमी वॉट्स मर्लिन की भूमिका में होंगी। एंड्रयू डोमिनिक इसका निर्देशन करेंगे। पिट पूर्व में भी डोमिनिक के साथ 'द एसेसिनेशन ऑफ जेसी जेम्स' पर काम कर चुके हैं। अब वह अपनी प्लैन बी निर्माण कम्पनी के जरिए मर्लिन पर फिल्म बनाएंगे। 

Tuesday, May 29, 2012

सितम्बर में रिलीज होगी इश्क इन पेरिस

मुंबई (देश दुनिया)। 'इश्क इन पेरिस' से फिल्म निर्माण की दुनिया में कदम रख रही अभिनेत्री प्रिटी जिंटा का कहना है कि उनकी यह फिल्म इसी वर्ष 21 सितंबर को रिलीज की जाएगी। प्रिटी पिछली बार सलमान खान की फिल्म 'मैं और मिसेज खन्ना' में कैमियो करती नजर आयी थीं। वह अपनी फिल्म 'इश्क इन पेरिस' में भी सलमान के साथ ही नजर आएंगी, इसमें सलमान कैमियो कर रहे हैं। प्रिटी ने ट्वीट किया है कि जो लोग पूछ रहे हैं उनके लिए 'इश्क इन पेरिस' पूरी दुनिया में 21 सितंबर 2012 को रिलीज होगी। हमने शूटिंग फरवरी में शुरू की थी और यह सितंबर में रिलीज होगी। प्रेम राज निर्देशित इस फिल्म में मुख्य भूमिका में अर्जुन रामपाल और फ्रेंच अभिनेत्री इजाबेल अदजानी हैं।

कन्नड़ फिल्म में सनी लियोन का स्पेशल डांस

मुंबई (देश दुनिया)। सनी लियोन जल्द ही कन्नड़ फिल्म 'प्रेम अडा' में स्पेशल डांस करने जा रही हैं। यह सनी का फर्स्ट आइटम नंबर होगा, जिसमें वह सोलो डांस करेंगी। फिल्म के डायरेक्टर महेश बाबू ने बताया, 'सनी उनकी फिल्म में एक स्पेशल डांस करेंगी और उनका रोल भी बिल्कुल अलग होगा। चूंकि सनी ने फिल्म में काम करने की हामी भर दी है, इसलिए अब बस डेट फाइनल होनी बाकी है। जैसे ही वह डेट फाइनल करती हैं, हम तुरंत शूटिंग शुरू कर देंगे।' 

बॉलीवुड ने कर दिया बहिष्कार

मुंबई (देश दुनिया)। कॉपीराइट एक्ट में संशोधन की मुहिम चलाना मशहूर गीतकार जावेद अख्तर को काफी महंगा पड़ा है। बॉलीवुड ने उनका बहिष्कार कर दिया है। बड़े-बड़े फिल्म निर्माताओं ने उनसे दूरी बना ली है। अख्तर का कहना है कि पिछले काफी समय से उन्हें काम नहीं मिल रहा है।  सूत्रों के मुताबिक दो साल पहले जब अख्तर ने विधेयक में संशोधन की बात कही थी तभी से फिल्म निर्माताओं ने उन्हें काम देना बंद कर दिया था। निर्माता निर्देशक मुकेश भट्ट ने तो अख्तर के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। यशराज फिल्म्स, धर्मा प्रोडक्शन जैसे नामी प्रोडक्शन हाउस ने भी उन्हें काम देना बंद कर दिया है। अख्तर संगीत निर्देशकों एवं गीतकारों के काम से हुए लाभ में 12 फीसद हिस्सा के प्रावधान के लिए कापीराइट कानून में सुधार की मांग कर रहे थे।  लोकसभा ने पिछले हफ्ते कापीराइट एक्ट (संशोधन) विधेयक 2012 को मंजूरी दे दी, जिसे राज्यसभा 17 मई को ही पारित कर चुका है। एक्ट में लेखकों की उनकी कृतियों पर अधिकार जताने के विशेष प्रावधान हैं। गीतकार म्यूजिक कंपनियों के साथ रायल्टी पर सौदेबाजी कर सकेंगे। विधेयक किसी भी साहित्य, नाटक या संगीत संबंधी कृति की मूल रिकॉर्डिग के बाद पांच साल तक उसका कवर वर्जन लाने पर पाबंदी लगाता है।  छात्रों को शोध कार्यो के लिए कॉपीराइट एक्ट से छूट है पर पायरेसी करने वालों के लिए जुर्माने के साथ ही दो वर्ष जेल का प्रावधान है। अख्तर का कहना है कि पिछले काफी समय से वह बेरोजगार हैं। अपने बेटे फरहान अख्तर की फिल्म के अलावा उन्होंने किसी फिल्म के लिए गाने नहीं लिखे हैं। कई बड़े निर्माता उनके साथ काम करने को तैयार नहीं है।     

महान 100 फिल्मों की सूची में शामिल आवारा

मुंबई (देश दुनिया)। टाइम पत्रिका ने राज कपूर की वर्ष 1951 की चर्चित फिल्म आवारा को सर्वकालिक महान 100 फिल्मों की सूची में शामिल किया है. पत्रिका ने इस सूची में 20 नई फिल्मों को शामिल किया है, जिनमें आवारा भी शामिल है. टाइम पत्रिका ने वर्ष 1923 और उसके बाद बनी फिल्मों को इस सूची में जगह दी है.टाइम के समीक्षक रिचर्ड कोरलिस ने राज कपूर को भारत के औपनिवेशिक काल के बाद सिनेमा के स्वर्णिम युग का महान सितारा कहा है. टाइम पत्रिका ने राज कपूर की सराहना करते हुए लिखा है- पचास के दशक में जो फिल्में उन्होंने बनाई, वो न सिर्फ तुरंत आजाद हुए देश में जबरदस्त हिट हुईं, बल्कि अरब देशों से लेकर इंडोनेशिया और उत्तरी अफ्रीका में भी ये फिल्में चलीं. राज कपूर ने जब फिल्म आवारा बनाई थी, उस समय वे सिर्फ 26 साल के थे.टाइम ने फिल्म आवारा को राज कपूर और खूबसूरत नर्गिस के लिए एक शानदार फिल्म बताया है. पत्रिका ने आवारा के गानों की भी सराहना की है. फिल्म आवारा का टाइटिल सांग 'आवार हूँ' काफी चला था. शंकर जयकिशन के संगीत से सजा ये गाना भारत के साथ-साथ रूस और चीन में भी खूब चला था. टाइम पत्रिका ने वर्ष 2005 में पहली बार सर्वकालिक 100 महान फिल्मों की सूची जारी की थी, इस सूची में सत्यजीत राय की द अपु ट्रिलॉजी, मणिरत्नम की नायकन और गुरुदत्त की प्यासा को जगह मिली थी. मणिरत्नम की फिल्म रोजा में एआर रहमान के साउंडट्रैक को 10 सर्वश्रेष्ठ साउंडट्रैक में शामिल किया गया था. पिछले सप्ताह टाइम पत्रिका ने निर्देशक संजय लीला भंसाली की वर्ष 2002 में आई फिल्म देवदास को सहस्राब्दी की 10 महान फिल्मों में शामिल किया था

Saturday, May 26, 2012

मैं ऐश्वर्या को बहुत पसंद करती हूं

मुम्बई। (देश दुनिया)। फिल्म 'शंघाई' के आइटम नम्बर 'इम्पोर्टिड कमरिया' के लिए नृत्य करने वाली ब्रिटिश मॉडल स्कारलेट मेलिश विल्सन का कहना है कि वह हिंदी फिल्मोद्योग को अभिनेत्री ऐश्वर्या राय से जोड़कर देखती हैं। स्कारलेट ने पत्रकारों को बताया, "मैं  ऐश्वर्या को बहुत पसंद करती हूं, मेरे लिए वह बॉलीवुड को परिभाषित करती हैं। उनका अभिनय, खूबसूरती और उनका नृत्य अद्भुत है। मैं समझती हूं कि वह सर्वश्रेष्ठ हैं।"स्कारलेट अभिनेता आमिर खान की भी बहुत बड़ी प्रशंसक हैं।  उन्होंने कहा, "मैं आमिर खान को बहुत पसंद करती हूं, मैंने उन कुछ फिल्में देखी हैं। मैंने 'तारे जमीन पर' देखी और वह मुझे काफी पसंद आई। मैंने उनकी एक और फिल्म देखी है, लेकिन मैं उसका नाम याद नहीं कर पा रही हूं। मुझे 'हाउसफुल' और 'दोस्ताना' जैसी अन्य हिंदी फिल्में भी पसंद हैं।"'शंघाई' का संगीत विशाल-शेखर ने दिया है और यह फिल्म आठ जून को प्रदर्शित हो जाएगी। फिल्म में इमरान हाशमी, काल्कि कोचलिन, अभय देओल और बांग्ला फिल्मों के सुपरस्टार प्रसन्नजीत चटर्जी मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे।