Total Pageviews
Friday, June 24, 2011
कोई मुझे भी आइटम बॉय कहे
मुंबई.(देश दुनिया).फिल्म बुड्ढा होगा तेरा बाप में कूल अवतार में दिखने वाले बिग बी अपने ही कुछ हिट गानों पर थिरकते नजर आएंगे जिनमें खइके पान बनारस वाला, पग घूंघरू बांध मीरा नाची थी, रंग बरसे भीगे चुनर वाली और सारा जमाना जैसे गाने शामिल हैं. जब 68 वर्षीय अमिताभ से पूछा गया कि क्या उन्हें नया आइटम कहा जा सकता है, तो वह बोले, "इतने सालों से मेरी बड़ी चाहत रही है कि कोई मुझे भी आइटम बॉय कहे. मुझे भी कहिए. मुझे लगता है कि इन गानों के साथ मेरी यह इच्छा पूरी हो जाएगी. मैं संतुष्ट हूं." अमिताभ ने फिल्म के निर्माता और अपने बेटे अभिषेक के साथ गुरुवार को मुंबई में फिल्म के गाने 'गो मीरा' की पहली झलकी दिखाई. इसी गाने में बिग पूरे रंग में नजर आएंगे. पुरी जगन्नाथ के निर्देशन में बनी यह फिल्म एक रोमांटिक कॉमेडी है. इसमें अमिताभ एक ऐसे बुजुर्ग का किरदार निभा रहे हैं जो जल्द ही आपा खोने की वजह से मुश्किल में घिरता रहता है. एबी कोर्पोरेशन की बनाई बुड्ढा होगा तेरा बाप में अन्य सितारों में हेमा मालिनी, रवीना टंडन, मिनिषा लांबा, सोनू सूद और सोनल चौहान शामिल हैं. फिल्म एक जुलाई को रिलीज होगी.
सीक्वल में कंगना के नाम पर मुहर
मुंबई.(देश दुनिया). बॉलीवुड की हीरोइनों को पता चला कि ‘इश्किया’ की हीरोइन सीक्वल से बाहर है उनमें इस फिल्म को झपटने की होड़ मच गई। माधुरी दीक्षित को लिए जाने की चर्चाएँ चल रही हैं। रानी मुखर्जी ने भी यह फिल्म करने की इच्छा जाहिर की है, लेकिन लगता है की बाजी कंगना ने मार ली है। निर्देशक अभिषेक चौबे कुछ बोलने के लिए तैयार नहीं हैं, लेकिन फिल्म से जुड़े लोगों का कहना है कि कंगना के नाम पर मुहर लग गई है। संभवत: एक और हीरोइन को लिया जा सकता है। अरशद वारसी और नसीर की जोड़ी एक बार फिर सीक्वल में नजर आएगी।
ऐश की वजह से रुकी भंडारकर की हीरोइन
मुंबई.(देश दुनिया).ऎश भले ही कोशिश कर रही हों कि मधुर भंडारकर की फिल्म हीरोइन को जल्दी पूरा कर लें लेकिन उनके प्रेगनेंट होने के कारण इस फिल्म पर असर हो रहा है। फिल्म में ऎश का रोल एक सेक्सी सुपरस्टार का है ऎसे में उनके प्रेगनेंट होने से उनके लुक पर असर दिख सकता है। यही वजह है कि अब इस फिल्म को कुछ समय के लिए रोक दिया गया है। मधुर को जब ऎश की प्रेगनेंसी के बारे में पता चला तो उन्होंने प्रोडयूसर से मीटिंग की। हालांकि अभी इसकी औपचारिक घोषणा नहीं की गई है। पहले फिल्म को 60 दिनों में पूरा करने की योजना थी लेकिन अब ऎसा नहीं होगा।
ईशा श्रावणी बनेगी कमल हासन की हीरोइन
मुंबई. (देश दुनिया). सुभाष घई की फिल्म ‘किसना’ की नायिका की याद तो सभी को होगी ही! अरे वही, ईशा श्रावणी जो पूरी फिल्म में पेड़ से लटकती रस्सी पर ही डांस करती रहती हैं। खैर, उनका यही ज्ञान अब उनके लिए वरदान बनकर आया है। अपने डांस कौशल के कारण ही ईशा को कमल हासन के साथ ‘विश्वरूपम’ में काम करने का अवसर मिल रहा है। बताते हैं कि ईशा को इस फिल्म में लेने की मुख्य वजह उन्हें कथक, कलारीपायत्तु और अन्य शास्त्रीय नृत्य शैलियों में निपुण होना है। यह फिल्म तमिल, तेलुगु और हिंदी भाषा में बनेगी। फिल्म का निर्देशन स्वयं कमल हासन कर रहे हैं। बताते हैं कि कमल फिल्म में संगीतकार और संवाद लेखक की भूमिका भी निभाएंगे।
चिल्लर पार्टी को टैक्स फ्री करवाना चाहते हैं सलमान
मुंबई. (देश दुनिया). सलमान खान अपनी अगली फिल्म चिल्लर पार्टी को टैक्स फ्री करवाने की कोशिशों में जुट गए हैं। सूचना एवं प्रसारण मंत्री अंबिका सोनी के लिए चिल्लर पार्टी की विशेष स्क्रीनिंग के संबंध में दिल्ली आए सलमान ने संवाददाताओं से कहा, मैं उम्मीद करता हूं कि फिल्म को टैक्स फ्री कर दिया जाएगा क्योंकि मैं चाहता हूं कि सभी इसे देखें। मैं नहीं चाहता कि किसी को इसे देखने से पहले दो बार सोचना पड़े। इस फिल्म की कहानी मासूम बच्चों के एक ऐसे समूह के बारे में है, जो राजनीति की दुनिया के शिकार बन जाते हैं। फिल्म देखने के बाद अंबिका सोनी ने कहा कि यह बहुत अच्छी फिल्म है।
डेली बेली को "ए" सर्टिफिकेट जारी
मुंबई. (देश दुनिया). बोल्ड प्रोमो और विवादास्पद "डीके बोस" गाने से चर्चा में रही फिल्म डेली बेली को फिल्म सेंसर बोर्ड ने "ए" सर्टिफिकेट जारी किया है। हालांकि प्रोड्यूसर आमिर खान व फिल्म के मेंबर को उस वक्त बड़ी राहत मिली जब सेंसर बोर्ड ने फिल्म के किसी भी सीन पर कैंची नहीं चलाई। गौरतलब है कि निर्माता आमिर खान फिल्म के प्रचार के दौरान कहते रहे हैं कि फिल्म का कंटेंट और सब्जेक्ट केवल वयस्क दर्शकों के लिए है। सेंसर बोर्ड ने भी आमिर की बातों पर गौर करते हुए फिल्म को ए सर्टिफिकेट जारी किया है। हालांकि फिल्म के दृश्यों पर कैंची नहीं चलाई है। इससे पहले भी फिल्म के गीत डीके बोस पर काफी विवाद हो चुका है। वहीँ इस फिल्म में आमिर खान का एक आइटम नंबर भी जोड़ा गया है। इस आइटम नंबर की शूटिंग सिर्फ पांच दिन में पूरी कर ली गई। जिसके कोरियोग्राफर बॉस्को है।
Thursday, June 23, 2011
जिस्म 2 के जरिए पूजा भट्ट की दोबारा अभिनय में वापसी
मुंबई. (देश दुनिया). दिल है कि मानता नहीं, सड़क, सर और डैडी जैसी फिल्मों में यादगार अभिनय कर चुकीं पूजा भट्ट पिछले एक दशक से फिल्मी परदे से गायब हैं। लेकिन अब उनके चाहने वालों के लिए अच्छी खबर है कि वे जिस्म की सीक्वल फिल्म जिस्म 2 के जरिए दोबारा अभिनय के क्षेत्र में एंट्री करने की योजना बना रही हैं। पूजा के अनुसार वे इस फिल्म में एक अहम किरदार निभाएंगी, क्योंकि स्क्रिप्ट के हिसाब से यह रोल उन पर पूरी तरह फिट बैठता है। पूजा जिस्म 2 का निर्माण डिनो मोरिया के साथ करने जा रही हैं और इसके निर्देशन की बागडोर भी उन्होंने अपने हाथ में ही रखी है। बिंदास अभिनय के लिए जानी जानेवाली पूजा ने एक दशक पहले शादी कर ली थी, इसके बाद वे अभिनय की दुनिया से दूर हो गईं। हालांकि वे बतौर फिल्म निर्माता और निर्देशक बॉलीवुड से जुड़ी रहीं, लेकिन उन्हें इस काम में उल्लेखनीय सफलता नहीं मिल पाई। उनके निर्देशन में बनी दुश्मन, पाप और हॉली डे जैसी कई फिल्में बॉक्स ऑफिस पर डिब्बा साबित हुईं। यही वजह है कि पिछले दो तीन वर्षों से पूजा का प्रोडक्शन हाउस ठंडा पड़ा हुआ था। लेकिन अब पूजा ने नई ऊर्जा के साथ फिल्मी दुनिया में सक्रिय होने की ठान ली है। बकौल पूजा, उन्होंने जिस्म 2 की स्क्रिप्ट पूरी कर ली है। अगले दो महीनों में इस फिल्म की कास्ट और क्रू फाइनल हो जाएगी।
मैं हमेशा विमान से कूदना चाहता था
मुंबई. (देश दुनिया). फिल्म 'जिंदगी ना मिलेगी दोबारा' में अभिनेता अभय देओल ने समुद्र में गोताखोरी और गायकी का मजा तो लिया ही लेकिन कुछ जोखिम भी उठाए। फिल्म के एक दृश्य के लिए वह आकाश में एक विमान से कूदे थे। अभय ने बताया, "मैं हमेशा विमान से कूदना चाहता था और मुझे इस फिल्म में यह मौका मिल गया, लेकिन यह डरावना था। मैं विमान से अपने पीछे एक अन्य व्यक्ति को बांधकर कूदा था। वह प्रशिक्षक था और उसके साथ पैराशूट बंधा हुआ था। मैं पहली बार ऐसा कर रहा था इसलिए यह जरूरी था। पहले प्रयास में आपके साथ किसी का होना जरूरी है।" उन्होंने कहा, "प्रशिक्षक ने विमान का दरवाजा खोल दिया था और वह दरवाजे पर ही अपने पैर लटका कर बैठ गए। मैं भी उनके साथ बंधा था। मैंने उनसे कहा कि या तो वह अंदर बैठें या कूद जाएं, मैं इस स्थिति में नहीं रह सकता। जब हम कूदे तो मेरा विचार तुरंत बदल गया और मुझे लगा कि मुझे वापस जाना चाहिए लेकिन आप ऐसा नहीं कर सकते. यह और भी डरावना था।" वैसे अभय ने शूटिंग के दौरान समंदर में गोताखोरी का खूब आनंद लिया। वह कहते हैं कि उन्हें गोताखोरी बहुत पसंद है और इस फिल्म में उन्हें यह अवसर मिला। जोया अख्तर के निर्देशन में बनी 'जिंदगी ना मिलेगी दोबारा' तीन दोस्तों की कहानी है। फिल्म में ऋतिक रोशन, फरहान अख्तर और अभय ने अभिनय किया है। महिला नायिकाओं में काल्की कोचलीन और कैटरीना कैफ शामिल हैं। अभय ने इस फिल्म के लिए पहली बार एक गीत भी गाया है। यही नहीं उन्होंने 'सीनोरिटा' गीत पर ऋतिक के साथ ठुमके भी लगाए हैं। उन्होंने कहा, "गीत गाना मजेदार रहा। मैं एक गायक नहीं हूं, इसलिए मैं थोड़ा डरा हुआ था लेकिन मैं नृत्य करने की बजाए गाने में ज्यादा रुचि ले रहा था। मैं नृत्य के लिए कभी उत्साहित नहीं रहा। मैंने बहुत अनिच्छा के साथ नृत्य किया। हमने शूटिंग से पहले तीन दिन तक नृत्य का अभ्यास किया था।" यह फिल्म 15 जुलाई को प्रदर्शित होगी।
Subscribe to:
Posts (Atom)








