Total Pageviews

Sunday, July 3, 2011

तीन भारतीय फिल्म पेश करेगा वॉल्ट डिजनी

मुंबई. (देश दुनिया). वॉल्ट डिजनी स्टूडियो उत्तर अमेरिका में 26 जुलाई को तीन भारतीय फिल्में पेश करने जा रहा है। 'दो दूनी चार', 'वंस अपॉन ए वारियर' और 'जोकोमोन' डीवीडी, वीडियो-ऑन-डिमांड व डिजिटल डाउनलोड पर एकसाथ पेश की जा रही हैं।  डिजनी इन तीनों फिल्मों के निर्माण में जुड़ा रहा था। ये फिल्में उत्तर अमेरिका की स्थानीय भाषाओं में पेश की जा रही हैं, इनमें अंग्रेजी में संवाद लिखे हुए आएंगे। इनमें से 'दो दूनी चार' एक मध्यवर्गीय परिवार के सपनों और उनको पूरा करने के लिए किए गए संघर्ष की कहानी है। इसे साल की सर्वश्रेष्ठ हिंदी फिल्म का राष्ट्रीय पुरस्कार मिला था और इसी फिल्म के लिए ऋषि कपूर को न्यूयार्क भारतीय फिल्म महोत्सव में सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार मिला। 'वंस अपॉन ए वारियर' डिजनी के सहयोग से बनी पहली तेलुगू फिल्म है। यह एक योद्धा की काल्पनिक साहसिक कहानी है। योद्धा अपनी प्रेमिका को दुष्ट रानी से बचाने का प्रयास करता है। 'जोकोमोन' एक्शन से भरी रोमांचक फिल्म है। यह एक ऐसे सामान्य लड़के की कहानी है जो जादूई हीरो बनकर असामान्य चुनौतियों का सामना कर लेता है। 

डायन बनेगी विद्या बालन

मुंबई.(देश दुनिया). डायन विशाल भारद्वाज और एकता कपूर की अहम फिल्म है। इसमें लीड रोल में इमरान हाशमी हैं। पहले इस फिल्म में रानी मुखर्जी को साइन किया जा रहा था। रानी शुरूआत में तो फिल्म करने के लिए तैयार हो गई थीं लेकिन बाद में रानी ने अपना निर्णय बदल दिया। कहानी एक पुरूष और तीन महिलाओं से उसके रिश्ते की है। इनमें से एक डायन है और कहना जरूरी नहीं होगा कि वही फीमेल लीड है। रानी को शुरूआत में तो स्क्रिप्ट बहुत पसंद आई थी लेकिन कुछ दिनों में उनका फैसला बदल गया। शायद हर कोई डायन नहीं बनना चाहता है। हालांकि एकता और विशाल इमरान को इस फिल्म में साइन करने को लेकर निश्चिंत थे। अब रानी के इंकार करने के बाद विशाल इस फिल्म में विद्या बालन को ले रहे हैं। विशाल ने इससे पहले विद्या को फिल्म इश्किया के सीक्वल में साइन नहीं किया। उन्होंने नसीरूद्दीन शाह और अरशद वारसी के साथ दो नई एक्ट्रेस साइन की हैं। फिल्म डायन की स्क्रिप्ट को लेकर विशाल और विद्या में लंबी चर्चा हुई थी। उन्हें ये विषय बहुत पसंद आया था। फिल्म में दो और एक्ट्रेस होंगी इससे विद्या को कोई परेशानी नहीं है। हालांकि विद्या के पास फिलहाल डेट्स नहीं हैं। उनके पास एकता की फिल्म डर्टी पिक्चर के अलावा भी कुछ और प्रोजेक्ट्स हैं। 

Saturday, July 2, 2011

गाना मेरे लिए फन था

मुंबई.(देश दुनिया). अभय देओल की नई फिल्म "जिंदगी ना मिलेगी दोबारा" की खास बात यह है कि इसमें उन्होंने न सिर्फ डांस किया है, बल्कि ऋतिक और फरहान के साथ एक गाना भी गाया है। यह गाना है "सेनोरिटा"। सिंगिंग को लेकर अपनी खुशी जाहिर करते हुए अभय कहते हैं, "गाना मेरे लिए फन था। हालांकि मैं कोई सिंगर नहीं हूं, गाने को लेकर थोड़ा चिंतित भी था, पर मैं डांस से ज्यादा गाने को लेकर एक्साइटेड था। गाना मैंने पहली बार गाया है। किसी और के गाए गीत के साथ लिप्स सिंक्रोनाइज करना मुझे बहुत बुरा लगता है, क्योंकि यह कैरेक्टर के ग्राफ को किल करता है। इस फिल्म में चूंकि मेरी अपनी आवाज है, इसलिए कैरेक्टर पर फिल्माए गाने में रीयल टच आया है।" अभय ने मिनिषा के साथ "हनीमून टे्रवल्स" में एक डांस किया था, लेकिन डांस को लेकर उनकी अरूचि देखकर हैरानी होती है। वे कहते हैं, "मैंने डांस बड़े बेमन से किया। मैं डांस को लेकर कभी एक्साइटेड नहीं रहा। हमें प्रैक्टिस के लिए वक्त भी नहीं मिला, क्योंकि शूटिंग के सिर्फ तीन दिन पहले मेन स्टेप्स फाइनल हो गए थे।

आइटम नंबर शामिल करना कहानी की मांग

मुंबई.(देश दुनिया). अभिनेता आमिर खान अपने होम प्रोडक्शन की फिल्म देहली बैली के आई हेट यू एज आई लव यू गीत में आइटम ब्वॉय के रूप में नजर आए हैं। आमिर कहते हैं कि फिल्म में आइटम नंबर शामिल करना कहानी की मांग थी और पब्लिसिटी के लिए ऎसा नहीं किया गया है। आमिर ने एक इंटरव्यू में कहा, "फिल्म की पब्लिसिटी के लिए इसमें आइटम नंबर नहीं डाला गया है। यह गीत इसलिए शामिल किया गया, क्योंकि निर्देशक और स्क्रिप्ट राइटर को ऎसा करने की जरूरत महसूस हुई। इसका फिल्म की कहानी से संबंध है। स्क्रिप्ट में डिस्को फाइटर का रोल हमेशा मौजूद रहता है। जब स्क्रिप्ट की पहली कॉपी मेरे पास आई, तब भी उसमें डिस्को फाइटर था।" खास बात यह है कि आमिर की पत्नी किरण राव चाहती थी कि यह आइटम नंबर आमिर ही करे। आमिर के मुताबिक, "जब किरण ने आइटम नंबर करने के लिए कहा, तो मैं मना नहीं कर सका।"

अभय और इमरान का नया लुक

मुंबई.(देश दुनिया). नए दौर के डायरेक्टर दिबाकर बनर्जी कभी भी अपनी फिल्मों की थीम को रिपीट नहीं करते। यही वजह है कि "खोसला का घोसला", "ओए लकी, लकी ओए" और "लव, सैक्स और धोखा" के लिए वे खासे चर्चा में रहे। इनमें पहली दो फिल्मों ने तो नेशनल फिल्म अवार्ड जीता था। अब वे अपनी पॉलिटिकल थ्रिलर "शंघाई" में फिर कुछ नया लेकर आ रहे हैं। उन्होंने फिल्म में अभय देओल और इमरान हाशमी को उनके कैरेक्टर्स के मुताबिक नया लुक दिया है- एक मूंछधारी, तो दूसरा तोंदधारी। 

मिस इंडिया के जलवे देखने को मिले


मुंबई. (देश दुनिया). हाल ही में मुंबई में हुए एक समारोह में मिस इंडिया विन्नर्स कनिस्ठा  धनखड़ और हस्लीन कौर के जलवे देखने को मिले. मौका था आँचल गुप्ता की डांस अकादमी आर्ट्स इन मोशॉन  की ओर से आयोजित समारोह का. अकादेमी की ओर से 9 जुलाई को डांस विथ जोय का आयोजन होगा.  

Friday, July 1, 2011

'मर्डर' को ब्रांड बनाना चाहते हैं महेश भट्ट

मुंबई. (देश दुनिया). फिल्मकार महेश भट्ट ने खुलासा किया है कि वह अपनी नई फिल्म 'मर्डर 2' में अभिनेत्री मल्लिका शेरावत को नहीं लेना चाहते थे। उन्होंने कहा कि वह 'मर्डर' को एक फ्रेंचाइजी बनाने और उसकी अगली कड़ियां पेश करने की योजना बना रहे हैं। कहा कि हमें 'मर्डर 2' में मल्लिका की जरूरत महसूस नहीं हुई। हम इसमें मल्लिका की वापसी नहीं चाहते थे क्योंकि 'मर्डर' नायिका केंद्रित फिल्म थी और यह नायक केंद्रित फिल्म है। उन्होंने कहा कि फिल्म में श्रीलंकाई अभिनेत्री जैक्लीन फर्नांडीज को लेने का निर्णय अचानक ही लिया गया था। भट्ट कहते हैं जब हम अभिनेत्री की बात कर रहे थे तो किसी ने उनका जिक्र किया और बताया कि उन्होंने एक फिल्म 'अलादीन' की है लेकिन वह बॉक्स ऑफिस पर असफल रही थी। हमने उनके फोटोग्राफ्स देखे और वह हमारे दफ्तर आईं। हमें वह पसंद आईं और हमने उन्हें ले लिया। फिर हमने किसी दूसरी अभिनेत्री को लेने के विषय में नहीं सोचा। भट्ट ने कहा कि वह 'मर्डर' को एक ब्रांड बनाना चाहते हैं और इसकी अगली कड़ियों की सीरीज जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि हमने स्पष्ट समझ के साथ 'मर्डर 2' बनाने का निर्णय लिया। इसमें 'मर्डर' की मुख्य बातें शामिल थीं। इसमें कामुकता, व्यग्रता और अपराध व रोमांच का अनुभव है, ये बातें 'मर्डर' को ब्रांड बनाती हैं। हम यहीं नहीं रुकेंगे। हम 'मर्डर 3', 'मर्डर 4' और इस सीरीज में आगे भी फिल्में बनाएं। आगामी आठ जुलाई को प्रदर्शित होने जा रही 'मर्डर 2' का निर्देशन मोहित सूरी ने किया है। यह अपने रिश्ते की अनिश्चितता से जूझ रही एक जोड़ी की कहानी है।

ऐश्वर्या राय ने साइन कर ली एक फिल्म

मुंबई. (देश दुनिया). जिन्हें लग रहा है कि ऐश्वर्या राय बच्चन को फिल्मों में देखने के लिए उन्हें लंबा इंतजार करना होगा उनके लिए एक गुड न्यूज है। ऎश ने एक फिल्म साइन भी कर ली है जिसकी शूटिंग अगले साल के मध्य में शुरू होगी। वियकॉम 18 इस फिल्म को प्रोड्यूस करेंगे। इस फिल्म में अमिताभ बच्चन भी होंगे। सूत्रों के मुताबिक प्रोडक्शन हाउस ने ऎश को अपनी 2012 की इस फिल्म के लिए साइन किया है। ऎश से उन्होंने कुछ दिलचस्प स्क्रिप्ट के बारे में चर्चा की थी जो ऎश को पसंद आई। उन्होंने अगले साल फिल्म करने के लिए हां कह दिया है। फिल्म की स्क्रिप्ट उन्हें दिमाग में रखकर ही लिखी गई है। जल्द ही विषय भी फाइनल हो जाएगा। 

"दम मारो दम" के खिलाफ जांच के आदेश

मुंबई.(देश दुनिया). फिल्म "दम मारो दम" में भगवान राम और कृष्ण का नाम लेकर फूहड़ नृत्य और गाना दिखाने के मामले में  जोधपुर की महानगर मजिस्ट्रेट की अदालत ने शास्त्रीनगर थाना पुलिस को जांच के आदेश दिए हैं। इस प्रकरण में फिल्म अभिनेत्री दीपिका पादुकोण सहित फिल्म के निर्देशक, गीतकार व अन्य लोग आरोपी हैं। अदालत ने पुलिस को दो महीने में जांच कर नतीजा पेश करने के निर्देश दिए। दरअसल, पाल रोड निवासी मुकेश पंवार की ओर से गत 1 जून को इस सिलसिले में परिवाद दायर किया गया था। इसमें बताया गया कि फिल्म के टाइटल सोंग में भगवान राम और कृष्ण का नाम लेकर फूहड़ प्रदर्शन करने से उनकी धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। अदालत में परिवादी सहित दो गवाहों के बयान भी दर्ज किए गए। इस प्रकरण में दीपिका के अलावा फिल्म के निर्माता रमेश सिप्पी, निर्देशक रोहन सिप्पी व गीतकार जयदीप सहित फिल्म से जुड़े अन्य लोगों को भारतीय दंड संहिता की धारा 292, 293, 295 ए, 298, 504 और 509 के अलावा 120 बी का आरोपी बनाया है। 

अगले साल 1 जून को रिलीज़ होगी एक था टाइगर

मुंबई. (देश दुनिया). यशराज फिल्म्स ने एक था टाइगर की रिलीज़ की तारीख घोषित कर दी है. इस फिल्म की शूटिंग जुलाई के आखिर में शुरू होगी और अगले साल 1 जून को रिलीज़ होगी. इस फिल्म में सलमान खान और कैटरीना कैफ की जोड़ी है. फिल्म के निर्माता आदित्य चोपड़ा और निर्देशक कबीर खान हैं.