Total Pageviews

Wednesday, April 4, 2012

'शेक्सपीयर मस्ट डाई' पर रोक

मुंबई. (देश दुनिया). थाईलैंड की सेंसर बोर्ड ने शेक्सपीयर द्वारा लिखी गई दुखांत कहानी 'मैकबेथ' पर आधारित एक फिल्म के प्रदर्शन पर रोक लगा दी है.थाईलैंड की सेंसर बोर्ड के मुताबिक 'शेक्सपीयर मस्ट डाई' नाम की इस फिल्म का प्रदर्शन होता है तो इससे वहां के लोगों के बीच विभाजन होने का डर है.थाई भाषा में बनायी गई ये फिल्म शेक्सपीयर द्वारा लिखे मशहूर नाटक का रुपांतरण है जिसमें स्कॉटलैंड मूल का एक अति महत्वकांक्षी सैन्य कमांडर सत्ता पाने के लिए राजा की हत्या कर देता है.इस फिल्म की कहानी का केंद्र एक काल्पनिक देश है, लेकिन उसमें ऐसी कई घटनाओं का वर्णन किया गया है जो थाईलैंड में हाल-फिलहाल के दिनों में हुई राजनीतिक हिंसा की ओर इशारा करता है.

Monday, March 26, 2012

अब बॉलीवुड में लॉरेन गॉटलीब के जलवे

मुंबई.(देश दुनिया). अमेरिकी रियलिटी शो 'सो यू थिंक यू कैन डांस' के तीसरे सीजन में शीर्ष छह में जगह बनाने वाली 23 वर्षीया लॉरेन गॉटलीब अब बॉलीवुड में भी अपने लटके-झटकों दिखाने को तैयार है। उन्हें कोरियोग्राफर से निर्देशक बने रेमो डीसूजा ने अपनी फिल्म 3डी फिल्म 'एबीसीडी' (एनीबॉडी कैन डांस) में रोल ऑफर किया है। इस फिल्म में वह डांसर रिया का किरदार निभाएंगी। वह जैज, बैले, हिप-हॉप और टैप में पारंगत हैं और 'हाना मोंटाना (द फिल्म)' में डांसर बनी थीं। वे ग्ली और घोस्ट व्हिस्परर सरीखे टेलीविजन शो में भी हिस्सा ले चुकी हैं। 

एडल्ट स्टार कहलाना है मंजूर


मुंबई. (देश दुनिया). सन्नी लियोन  ने मीडिया से कहा कि उन्हें एडल्ट स्टार कहलाना मंजूर है लेकिन उन्हें पोर्न स्टार की उपाधि न दी जाए।  सन्नी  ने कहा कि पोर्न स्टार कहलाना उन्हें कतई पसंद नहीं है। जिस्म 2 से वह अपनी अपनी इमेज बदलना चाहती हैं और एक बेहतरीन अभिनेत्री के तौर पर अपनी पहचान बनाना चाहती हैं।जिस्म 2 में बोल्ड सीन्स की भरमार है और सनी भी फिल्म और अपने लिए वो सब करने को तैयार हैं जिससे दोनों को ही फायदा पहुंचे। जिस्म 2 की शूटिंग अप्रैल से शुरू होगी। इसके अलावा वह अपने फैंस को अपनी हर पल की अपडेट ट्विटर के माध्यम से देती रहती हैं।

हॉलीवुड की फिल्मों के लिए अभी फिट नहीं

मुंबई. (देश दुनिया). अभिनेत्री सोनम कपूर का कहना है कि हॉलीवुड की फिल्मों में काम करना उनकी किस्मत में नहीं है। उनके हिसाब से वह हॉलीवुड की फिल्मों के लिए अभी पूरी तरह से फिट नहीं है। जब वह खुद को तैयार कर लेंगी तब हॉलीवुड की फिल्मों में काम करने के बारे में जरूर सोचेंगी। 

थ्री डी में आएगी शोले


मुंबई. (देश दुनिया). फिल्म शोले को जल्द ही थ्री डी में देखा जा सकेगा। जीपी सिप्पी की इस फिल्म को 15 अगस्त को रिलीज किया जाएगा। रमेश सिप्पी द्वारा निर्देशित 2 करोड़ रुपए की लागत से बनी इस फिल्म ने तब 15 करोड़ रुपए का कारोबार किया था। थ्रीडी वर्जन बनाने में 25 करोड़ रुपए लग रहे हैं।  

बोनी कपूर की पहली पत्नी का निधन

मुंबई. (देश दुनिया).  फिल्म निर्माता बोनी कपूर की पहली पत्नी मोना कपूर का रविवार को हिंदुजा अस्पताल में निधन हो गया। वह लंबे समय से कैंसर से पीड़ित थीं। मोना कैंसर की तीसरी स्टेज में थीं और कैंसर उनके शरीर के विभिन्न हिस्सों में फैल गया था। इस हालत के बावजूद वह एक स्टूडियो चला रहीं थीं और सोशल नेटवर्किंग साइट ट्विटर पर काफी सक्रिय थीं। उनके दोनों बच्चों अर्जुन और अंशुला ने आज सुबह ही लोगों से ‘ओ’ पाजिटिव ग्रुप का ब्लड देने की गुहार लगाई थी। उनकी मां को इस ब्लड ग्रुप की आवश्यकता थी, क्योंकि सोमवार को उनका आपरेशन होना था, लेकिन जीवन भर परेशानियों से दृढ़ता से लड़ती आई मोना यह लड़ाई नहीं लड़ पाई और बेटे अर्जुन की पहली फिल्म रिलीज होने से कुछ दिन पहले ही इस दुनिया को अलविदा कह दिया। मोना कपूर के निधन से पूरा फिल्म जगत सकते में है।

Saturday, March 24, 2012

'खिलाड़ी 786' बने अक्षय कुमार


मुंबई. (देश दुनिया). करीब एक दशक बाद अभिनेता अक्षय कुमार  फिल्म 'खिलाड़ी 786' में काम कर रहे हैं जो उनके लिए पहले जैसा ही अनुभव है। उन्होंने आखिरी बार 12 साल पहले 2000 में 'खिलाड़ी 420' में काम किया था। अक्षय का कहना है‌ कि खिलाड़ी शब्द उनके लिए एक उपाधि जैसा है। जहां भी वह जाते हैं लोग उन्हें इसी नाम से पुकारते हैं। मुझे हमेशा खिलाड़ी कहा जाता है। अक्षय ने कहा कि 'खिलाड़ी 786' एक एक्शन कॉमेडी फिल्म है जिसका निर्देशन आशीष आर मोहन कर रहे हैं और इसमें इलीना डिक्रूज, परेश रावल और हिमेश रेशमिया अभिनय करेंगे। उन्होंने कहा कि 12 साल से मैंने इस तरह की फिल्म नहीं की। मुझे लगता है कि यह किरदार मेरे लिए लिखा गया था। मैं फिर से इस तरह की एक्शन फिल्म करते हुए खुश हूं। अक्षय कुमार के खाते में 'खिलाड़ी', 'मैं खिलाड़ी तू अनाड़ी', 'सबसे बड़ा खिलाड़ी', 'खिलाड़ियों का खिलाड़ी', 'मिस्टर एंड मिसेज खिलाड़ी', 'इंटरनेशनल खिलाड़ी' और 'खिलाड़ी 420' जैसी फिल्में हैं। 'खिलाड़ी 786' दिवाली पर रिलीज होगी

रामगोपाल वर्मा का कसाब होगा संजीव


मुंबई. (देश दुनिया). जाने-माने निर्देशक रामगोपाल वर्मा को अपनी आने वाली अहम फिल्म के लिए खूंखार आतंकी कसाब मिल गया है। 26/11 को हुए मुंबई हमले पर फिल्म बनाने जा रहे राम गोपाल को काफी दिनों से सही चेहरे की तलाश थी। यह तलाश अब जाकर खत्म हो गई है। इसके लिए रामू ने करीब 500 से ज्यादा ऑडीशन लिए हैं। रामू को दिल्ली के संजीव जयसवाल आतंकी अजमल कसाब का किरदार निभाने के लिए सबसे ठीक लगे हैं। उनके मुताबिक संजीव ही वह शख्स है जो कसाब के रोल के लिए सबसे फिट बैठता है। इतना ही नहीं संजीव एक शानदार कलाकार भी हैं जो करीब-करीब कसाब की तरह ही दिखते हैं। खास बात यह है‌ कि राम गोपाल ने फिल्म का एक सीन फिल्मा भी लिया है। इस सीन में दिखाया गया है कि कसाब आतंकी वारदात को अंजाम देने के लिए किस तरह मुंबई में प्रवेश करता है। अपनी इस महत्वाकांक्षी फिल्म को लेकर राम गोपाल वर्मा बेहद उत्साहित है।

डबल रोल में सन्नी देओल


मुंबई. देश दुनिया. फिल्म अभिनेता  सन्नी  देओल अपने 20 साल के फिल्मी कैरियर में पहली बार बड़े परदे पर डबल रोल में नजर आएंगे। नीरज पाठक की फिल्म ‘भैयाजी सुपरहिट’ में सनी डबल रोल में होंगे। इस फिल्म में वो उत्तर प्रदेश के डॉन की भूमिका में हैं। सन्नी का कहना है कि वो हमेशा से ही डबल रोल करना चाहते थे लेकिन कभी इसका सही मौका ही नहीं मिला।

जेएनयू की छात्रा बनेगी सोनम कपूर

मुंबई. (देश दुनिया). अभिनेत्री सोनम कपूर अपनी नई फिल्म 'रांझणा' में दिल्ली स्थित जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) में अध्ययनरत वाराणसी की एक छात्रा की भूमिका निभाएंगी। उनके साथ दक्षिण-भारतीय अभिनेता धनुष भी फिल्म में अभिनय करेंगे। 'तनु वेड्स मनु' के निर्देशक आनंद एल. राय व सोनम के बीच गहरे विचार-विमर्श के बाद इस फिल्म पर निर्णय लिया गया। पटकथा के मुताबिक फिल्म में धनुष वाराणसी के एक स्थानीय युवक की भूमिका में दिखेंगे तो सोनम दिल्ली में शिक्षित वाराणसी की एक लड़की की भूमिका निभाएंगी। अब सोनम अपने किरदार की खातिर जेएनयू में पढ़ाई-लिखाई के माहौल और छात्रों के विचारों को समझने के लिए वहां के परिसर में समय बिताएंगी। 'रांझणा' के निर्माण दल के एक सूत्र ने बताया कि जेएनयू में शिक्षा की संस्कृति दिल्ली व देश के अन्य विश्वविद्यालयों से पूरी तरह अलग है। जेएनयू में छात्र व छात्राएं दोनों राजनीतिक रूप से बहुत जागरूक होते हैं। सूत्र ने कहा कि वे राष्ट्रीय मुद्दों पर बौद्धिकता के साथ बात करते हैं। उनका पहनावा समझदारीपूर्ण होता है, वे दिल्ली के विशेष रेस्तराओं में जाते हैं, सम्मेलनों में शामिल होते हैं और राष्ट्रीय मुद्दों पर सक्रिय भागीदारी रखते हैं। निर्देशक आनंद चाहते हैं कि सोनम इन सभी गुणों को आत्मसात करें। इसके साथ ही यहां के छात्र धाराप्रवाह हिंदी भी बोलते हैं।