मुंबई. (देश दुनिया). विवादित टीवी शो ' बिग बॉस 'का पांचवां सीजन रविवार रात 14 प्रतियोगियों का खुलासा करने के साथ ही शुरू हो गया। इस बार शो में काफी बदलाव किए गए हैं,पहले 14 प्रतिभागियों में जहां 7 महिला और 7 पुरुष हुआ करते थे वहीं अब की बार 12 महिलाएं और एक किन्नर और एकमात्र पुरुष शक्ति कपूर हैं। सिंगर रागेश्वरी लूम्बा , ट्रांसजेंडर लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी , अभिनेत्री और मॉडल पूजा बेदी , अभिनेत्री श्रद्धा शर्मा , मॉडल शोनाली नागरानी , अभिनेत्री महक चहल , अफगानी मॉडल विदा समदजई , टीवी एक्ट्रेस जूही परमार , मॉडल वी. जे. पूजा मिश्रा , न्यूज एंकर मंदीप बेल्वी और सीरियल किलर चार्ल्स शोभराज की पत्नी निहिता बिस्वास अन्य प्रतिभागियों में हैं जो बिग बॉस के घर में नजर आएंगी। वहीं महिला पहलवान सोनिका कालीरामन के रूप में बिग बॉस के इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ है जब किसी प्रेग्नेंट महिला को शो का हिस्सा बनाया गया है.
Total Pageviews
Monday, October 3, 2011
Sunday, October 2, 2011
रिलायंस करेगी डेंजरस इश्क का सह-निर्माण
मुंबई. (देश दुनिया). रिलायंस एंटरटेनमेंट कम्पनी डेंजरस इश्क का सह-निर्माण करेगी। अभिनेत्री करिश्मा कपूर की फिल्मी पर्दे पर वापसी की इस फिल्म के निर्माण में बीवीजी फिल्म्स व डर मोशन पिक्चर्स की भी भागीदारी होगी। इस 3डी फिल्म का निर्देशन विक्रम भट्ट करेंगे। भट्ट की हांटेड 3डी के बाद यह दूसरी त्रिविमीय 3डी फिल्म होगी। करिश्मा के अलावा जिमी शेरगिल, रजनीश दुग्गल, दिव्या दत्ता और रुसलान मुमताज इसमें अभिनय करेंगे। दो बच्चों की मां 37 वर्षीया करिश्मा पांच साल के अंतराल के बाद बड़े पर्दे पर वापसी कर रही हैं। वह फिल्म में एक सुपरमॉडल की भूमिका निभाएंगी। फिल्म के साल 2012 के मई या जून में प्रदर्शित होने की उम्मीद है।
बॉलीवुड में एक और विदेशी बाला
मुंबई. (देश दुनिया). बॉलीवुड में एक और विदेशी बाला आने को अपनी कमर कस चुकीं हैं। फुटबॉल स्टार क्रिस्टियानो रोनाल्डो की एक्स गर्लफ्रेंड जेम्मा एटकिंसन ने भी बॉलीवुड में इंट्री करने का मन बना लिया है। जेम्मा एक एक्ट्रेस होने के साथ-साथ टेलीविजन पर्सानालिटी और लिंगरी मॉडल भी रह चुकीं हैं। जेम्मा डायरेक्टर राजीव झावेरी की फिल्म फीवर से बॉलीवुड में इंट्री करेंगी। आपको बता दें कि इस फिल्म में उनकी जगह बारबरा मोरी को लिया गया था लेकिन उनके साथ बात नहीं बन पाई जिसके कारण जेम्मा को चांस मिला। फिल्म के प्रोड्यूसर रवि अग्रवाल कहते हैं, "बारबरा अपने साथ कुछ सामान लेकर आना चाहती थीं लेकिन वह यहां प्रतिबंधित है। इसके साथ मैं चाहता था कि फिल्म में कोई नया चेहरा लिया जाए। यही कारण है कि हमने बारबरा की जगह जेम्मा एटकिंसन को लेने का फैसला किया।"
इंटरेक्टिव मीडिया के लिए सामग्री
मुंबई. (देश दुनिया). रिलायंस मीडिया वर्क्स कम्पनी और वीडियो प्रबंधन व लाइसेंस सेवा उपलब्ध कराने वाली थॉट इक्विटी मोशन कम्पनी के बीच अनुबंध हुआ है। इसके तहत विज्ञापन, फिल्मों, टेलीविजन, प्रकाशन व इंटरेक्टिव मीडिया के लिए सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। धीरूभाई अम्बानी समूह की फिल्म एवं मीडिया सेवा कम्पनी रिलायंस मीडिया वर्क्स फिल्म स्टूडियो, प्रसारकों और खेल निकायों को वीडियो उपलब्ध कराएगी। टेबलेट्स, 3जी व एचडी क्षेत्र में भी यह सेवा उपलब्ध कराई जाएगी। रिलायंस मीडिया वर्क्स कम्पनी थॉट इक्विटी मोशन के माध्यम से अपने ग्राहकों की वीडियो सामग्री के संग्रहालय तक पहुंच बढ़ाएगी। रिलायंस मीडिया वर्क्स के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अनिल अर्जुन ने एक वक्तव्य जारी कर कहा है कि हम भारतीय मीडिया कम्पनियों को दुनिया के सबसे अच्छे वीडियो संग्रह उपलब्ध कराएंगे। हम नए वीडियो भी तैयार करेंगे और स्थानीय फिल्म संग्रहालयों का आधुनिकीकरण करेंगे। थॉट इक्विटी मोशन के सीईओ व संस्थापक केविन स्कैफ का कहना है कि हम तेजी से बढ़ते भारतीय बाजार में रिलायंस मीडिया वर्क्स के साथ काम करने के लिए बहुत उत्साहित हैं।
वीना मालिक का आइटम नंबर
मुंबई. (देश दुनिया). पाकिस्तानी अभिनेत्री वीना मालिक ‘टिप्स’ की फिल्म ‘तेरे नाल लव हो गया’ में आइटम नंबर करेगी. इस फिल्म में रितेश देशमुख-जेनेलिया डि’सूजा की जोड़ी है। बॉलीवुड में मिले पहले अवसर से उत्साहित वीना बताती हैं, ‘सच कहूं तो इससे पहले भी मेरे पास आइटम नंबर के कई ऑफर आए, पर मुझे उनमें से ‘बेस्ट’ चुनना था। जब मैंने महसूस किया कि यह स्पाइसी सॉन्ग मेरी पर्सनैलिटी को ज्यादा सूट करेगा, तो मुझे ‘हां’ कहने में जरा भी वक्त नहीं लगा। उम्मीद करती हूं, मेरा फैसला सही साबित होगा।’
Saturday, October 1, 2011
प्रतीक ने शराब न पीने की खाई कसम
मुंबई. (देश दुनिया). राज बब्बर के बेटे प्रतीक बब्बर ने अपनी फिल्म माइ फ्रेंड पिंटो के रिलीज होने तक शराब न पीने और लड़कियों से दूर रहने की कसम खा रखी है। फिल्म 14 अक्टूबर को रिलीज होगी। प्रतीक कहते हैं, कुछ लोग भगवान का आशीर्वाद लेते हैं, लेकिन मैंने दो हफ्ते के लिए ब्रह्मचर्य अपना लिया है। यह प्रतीक की पहली सोलो फिल्म है।
बिग बॉस- सीजन-5 में बारबरा मोरी
मुंबई. (देश दुनिया). फिल्म काइट्स में रितिक रोशन के साथ नजर आई मेक्सिकन अभिनेत्री बारबरा मोरी अब छोटे पर्दे के रियलिटी शो बिग बॉस- सीजन-5 में दिखेंगी। इस शो में पहले पॉपस्टार शकीरा के भाग लेने की चर्चा जोरों पर थी। बताया जाता है कि शो में बतौर विदेशी मेहमान सेलिब्रिटी बारबरा उनकी जगह लेंगी। यह शो दो अक्टूबर से कलर्स चैनल पर प्रसारित होगा। सूत्रों के मुताबिक चैनल ने शो में शकीरा को आमंत्रित किया था, लेकिन इसके एवज में उन्होंने मोटी रकम मांगी थी। इसके चलते चैनल ने बारबरा को बुलाने का फैसला किया। शो की मेजबानी सलमान खान और संजय दत्त संयुक्त रूप से करेंगे।
चित्रांगदा के डांस टीचर बने अक्षय कुमार
मुंबई. (देश दुनिया). अक्षय कुमार आजकल चित्रांगदा सिंह को डांस सिखाने में व्यस्त हैं। चित्रांगदा उनके साथ फिल्म देसी ब्वॉयज में काम कर रही हैं। फिल्म के एक गाने की शूटिंग के दौरान उन्होंने अभिनेत्री को डांस के कई स्टेप्स बताए। दरअसल, चित्रांगदा फिल्म के कोरियोग्राफर बॉस्को और सीजर के स्टेप्स ठीक से समझ नहीं पा रही थीं। तब अक्षय ने उन्हें डांस सिखाने का फैसला किया। गाने की शूटिंग लंदन के ट्रिनिटी कॉलेज में हुई है। फिल्म नवंबर में रिलीज होगी। रोहित धवन के निर्देशन में बन रही इस फिल्म में अक्षय कुमार के अलावा जॉन अब्राहम, दीपिका पादुकोण, संजय दत्त और अनुपम खेर भी प्रमुख भूमिका में हैं।
ममता ने 20 साल बाद देखी फिल्म
मुंबई. (देश दुनिया). पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बैनर्जी शुक्रवार को एक बांगला फिल्म देखने कोलकाता के हॉल पहुंच गयीं। पश्चिम बंगाल में ममता अपने सरल जीवन के लिए जानी जाती हैं। इसलिए जब वे सिनेमा हाल फिल्म देखने पहुंची तो उन्हें देखकर सभी हैरान रह गये। उन्होंने बताया कि " अपने छात्र जीवन में मैं ऑडिटोरियम में जाकर फिल्में देखा करती थी। लेकिन पिछले 20 सालों से मुझे यहां आकर फिल्म देखने का मौका नहीं मिला है। " " लेकिन मैंने सोचा कि मैं मोनेर मानुष देखकर अपवाद जरूर बनाउं। मोनेर मानुष पिछले साल रिलीज़ हुई है।" मोनेर मानुष राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित फिल्म है। ममता बैनर्जी ने इस फिल्म को बड़े ही चाव के साथ देखा। इस फिल्म को गौतम घोष ने निर्देशित किया है।
सलमान ने संजय का आत्मविश्वास बढ़ाया
मुंबई. (देश दुनिया). रिएलिटी शो बिग बॉस के पांचवें संस्करण की मेजबानी करने वाले फिल्म अभिनेता संजय दत्त शुरुआत में प्रस्तुत करने को लेकर बहुत नर्वस थे, पर उनके दोस्त और सह प्रस्तुतकर्ता सलमान खान ने उनका आत्मविश्वास बढ़ाने में बहुत मदद की। संजय इस शो की मेजबानी करते हुए छोटे पर्दे पर पहली बार उतर रहे हैं। इस शो से जुड़े एक कार्यक्रम में संजय ने कहा, एक एंकर के तौर पर, मैंने इस शो का बहुत मजा लिया। मुझे सलमान से बहुत भरोसा मिला। मैं पहली बार किसी शो की मेजबानी कर रहा था, इसलिए मैं स्टेज के पीछे बहुत नर्वस था। पर जब हम स्टेज पर आए और सलमान ने अपना काम शुरू किया तो मुझे ठीक लगने लगा। इसके बाद तो हम पूरे फ्लो में आ गए। सलमान और संजय ने साजन और चल मेरे भाई में साथ काम किया हैं। दोनों अच्छे दोस्त भी हैं। दो अक्तूबर से शुरू होने वाला यह शो कलर्स चैनल पर सोमवार से शुक्रवार रात साढ़े 10 बजे और सप्ताहांत में 10 बजे प्रसारित होगा।
Subscribe to:
Posts (Atom)










