नई दिल्ली.(देश दुनिया). एक्टर प्रोडयूसर ऋषिता भट्ट की फिल्म "शकल पे मत जा" की शूटिंग बिना अनुमति के संसद परिसर में हो गई। देश के अति सुरक्षित क्षेत्र में जब फिल्म की शूटिंग हो रही थी तब सुरक्षाकर्मी तमाशा देख रहे थे। फिल्म के निर्देशक शुभ ने बताया कि देश में हुए आतंकी हमलों पर आधारित फिल्म की ज्यादातर शूटिंग दिल्ली एयरपोर्ट और संसद परिसर में हुई है। उन्होंने कहा कि 2001 में संसद में जिस जगह हमला हुआ था उसी जगह फिल्म की शूटिंग हुई है। शूटिंग करते वक्त उन्हें किसी ने नहीं रोका। शुभ ने कहा कि इससे पहले जब उन्होंने एक डोक्यूमेंट्री के लिए संसद परिसर में शूटिंग करनी चाही थी उस समय उन्हें रोक लिया गया था। यही नहीं उन्हें गिरफ्तार भी कर लिया गया था लेकिन इस बार ऎसा कुछ नहीं हुआ।
Total Pageviews
Tuesday, August 23, 2011
निशा कोठारी की रामू कैंप में वापसी
मुंबई. (देश दुनिया). निशा कोठारी की एक बार फिर रामू कैंप में वापसी हो रही है. रामगोपाल वर्मा निशा को एक अवसर और देना चाहते हैं। वे निशा को लेकर एक फिल्म बनाने जा रहे हैं जिसमें वे लीड रोल में होंगी। रामगोपाल वर्मा ने निशा को कई फिल्मों में अवसर दिए और उनका करियर बनाने की खूब कोशिश की। लेकिन लगातार फ्लॉप फिल्मों के चलते निशा से किनारा करना पड़ा। इस समय रामू के सितारे ही गर्दिश में हैं। फ्लॉप फिल्मों के वे ढेर लगा चुके हैं।
दशहरे पर रिलीज होगी ‘रास्कल्स’
मुंबई.(देश दुनिया). दशहरे के अवसर पर 6 अक्टूबर को ‘रास्कल्स’ फिल्म रिलीज होगी। डेविड धवन ने फिल्म का निर्देशन किया है। फिल्म में संजय दत्त, अजय देवगन, कंगना, अर्जुन रामपाल, चंकी पांडे और सतीश कौशिक जैसे कलाकार हैं। संजय दत्त प्रोडक्शन प्रा.लि. और रूपाली ओम एंटरटेनमेंट प्रा.लि. ने मिलकर इस फिल्म का निर्माण किया है।
सुपर मॉडल की भूमिका में करिश्मा
मुंबई. (देश दुनिया). विक्रम भट्ट की आने वाली थ्री डी फिल्म डेंजरस इश्क में करिश्मा कपूर सुपर मॉडल की भूमिका में दिखाई देंगी। फिल्मी दुनिया में करिश्मा पांच साल के लंबे अंतराल के बाद वापसी कर रही हैं। करिश्मा अंतिम बार वर्ष 2006 में मेरे जीवन साथी फिल्म में बड़े पर्दे पर दिखाई दी थी। फिल्म में करिश्मा रजनीश दुग्गल के साथ होंगी।
शहरयार को ज्ञानपीठ प्रदान करेंगे अमिताभ
मुंबई. (देश दुनिया). फिल्म अभिनेता अमिताभ बच्चन अगले महीने 18 सितंबर को राजधानी में होने वाले समारोह में उर्दू के प्रमुख शायर शहरयार को वर्ष 2008 का ज्ञानपीठ पुरस्कार प्रदान करेंगे। इस कार्यक्रम में गुलजार द्वारा चुनी गयी शहरयार शायरी की किताब का विमोचन भी होगा। शहरयार को गमन (1978), उमराव जान (1981) और अंजुमन (1986) के गीतकार के तौर पर भी जाना जाता है।
डायना हेडन को सात वर्ष बाद मिली फिल्म
मुंबई.(देश दुनिया). पूर्व विश्व सुन्दरी डायना हेडन को लगभग सात वर्ष बाद कोई फिल्म मिली है। फिल्म का नाम है ‘लोरी’ जिसमें डायना ऐसी महिला की भूमिका निभाएंगी जिसके पास कुछ विशिष्ट शक्तियां हैं। अपने करियर के आरंभ में बी-ग्रेड फिल्मों में काम करने की डायना को भारी कीमत चुकानी पड़ी। वे भी सौंदर्य प्रतियोगिता जीत चुकी हैं, लेकिन दूसरी सुंदरियों की तुलना में काफी पीछे रह गईं। डायना ने रियलिटी शो ‘बिग बॉस’ में भी हिस्सा लिया था, लेकिन इसका कोई विशेष फायदा नहीं हुआ है। इससे पहले वे तहजीब, अदा, अब...बस जैसी कुछ फिल्म कर चुकीं हैं।
अक्षय और जॉन फिर साथ
मुंबई. (देश दुनिया). अभिनेता अक्षय कुमार और जॉन अब्राहम करीब छह साल के बाद रोहित धवन के निर्देशन में बनने वाली पहली फिल्म देसी ब्वायज में फिर साथ नजर आएंगे। रोहित धवन ने कहा कि यह ड्रामेडी है और बालीवुड के हास्य फिल्मों के मानकों को तोड़ेगा। अक्षय और जॉन ने वर्ष 2005 में गरम मसाला फिल्म में एक साथ काम किया था।
कमाल अमरोही के पुत्र का निधन
मुंबई. (देश दुनिया). प्रसिद्ध फिल्म निर्माता स्वर्गीय कमाल अमरोही के पुत्र और कमलिस्तान स्टूडियो के मालिक शानदार अमरोही का गोवा में निधन हो गया। वह 68 वर्ष के थे। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार शानदार अपनी सौतेली मां मीना कुमारी की कविता पर संगीत वीडियो की शूटिंग कर रहे थे और अचानक गिर पडे। अमरोही ने मीना कुमारी के कविता पर संगीत वीडियो की घोषणा की थी जिस पर सह निर्माता और निर्देशक बरखा रॉय काम रही थी। उन्होंने अपने पिता की फिल्म रजिया सुल्तान में अभिनेता के रूप में एक छोटा सा अभिनय किया था। शानदार का संपत्ति के मामले में उनकी बहन रूखसार के साथ मामला अभी भी अदालत में लंबित है। उन्होंने वर्ष 2010 में घोषणा की थी कि वह अभिनेत्री प्रीति जिंटा को गोद लेना चाहते हैं और सारी संपत्ति उन्हें देना चाहते हैं लेकिन बाद में उन्होंने अपना विचार बदल दिया।
Monday, August 22, 2011
राहुल बोस ने रग्बी के सिखाए गुर
श्रीनगर.(देश दुनिया). फिल्म अभिनेता और राष्ट्रीय रग्बी टीम के पूर्व कप्तान राहुल बोस ने कश्मीर घाटी में आयोजित 10 दिवसीय शिविर में रग्बी खिलाड़ियों को इस खेल के गुर सिखाए। जम्मू कश्मीर रग्बी संघ ने जम्मू कश्मीर स्पोर्ट्स कौंसिल के सहयोग से घाटी के रग्बी खिलाड़ियों को तकनीकी रूप से मजबूत करने के लिए यहाँ बक्शी स्टेडियम में शिविर का आयोजन किया है। राहुल ने खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देने के साथ ही उनसे बातचीत में अपने व्यक्तिगत अनुभव भी बांटे। इस मौके पर राहुल ने कहा- ऐसे शिविर आयोजित करने का मकसद खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देना है। मैं इस तरह के आयोजनों में लड़कियों के भी बढ़ चढ़कर भाग लेने से काफी खुश हूं।
वैवाहित विज्ञापनों से प्रेरित फिल्म बनाई
मुंबई. (देश दुनिया). वैवाहिक विज्ञापनों को अब केवल उनकी रचनात्मकता या उनकी लोगों का मनोरंजन करने की क्षमता के लिए ही नहीं जाना जाएगा। समाचार पत्रों में प्रकाशित होने वाले इन्हीं वैवाहित विज्ञापनों से प्रेरित होकर निर्देशक अली अब्बास जफर ने 'मेरे ब्रदर की दुल्हन' फिल्म बनाई है। जफर ने 'कहा कि मैं रविवार को समाचार पत्रों में निकलने वाले वैवाहिकी पृष्ठ को देखने का आदी रहा हूं। यह बहुत रचनात्मक पृष्ठ होता है। उस पर कई विज्ञापनों में दुल्हन या दूल्हे की खोज के सम्बंध में लिखा होता है। इस पर हर जाति और संस्कृति के विज्ञापन होते हैं। इस पर हिंदू, मुस्लिम, सिख व अन्य धर्मो के दूल्हे, दुल्हन के लिए विज्ञापन होते हैं। रोचक बात यह है कि इन सभी विज्ञापनों में दुल्हे व दुल्हन के लिए एक ही जैसे गुणों की आवश्यकता होती है।उन्होंने कहा कि आपको एक ही पृष्ठ पर पूरा भारत मिलेगा। यह बहुत मनोरंजक है। मैंने सोचा कि यदि इस विषय पर एक फिल्म बनाई जाए तो वह बहुत मनोरंजक होगी और बहुत से दर्शकों को आकर्षित कर सकेगी। जफर ने फिल्म के लिए ऋषिकेश मुखर्जी की 'चुपके चुपके' और 'गोलमाल' फिल्मों से भी प्रेरणा ली। फिल्म में इमरान खान और कैटरीना कैफ ने अभिनय किया है। उन्होंने कहा कि आपको उन फिल्मों की कुछ झलकियां दिखेंगी, क्योंकि वे पारिवारिक, बहुत परिष्कृत और स्वच्छ फिल्में थीं। मेरी फिल्म में 'धूनकी' और 'मेरे ब्रदर की दुल्हन' जैसे गीत हैं लेकिन यह एक स्वच्छ फिल्म है और इसमें जश्न जैसा माहौल है। यशराज फिल्म्स के बैनर तले बनी यह फिल्म नौ सितम्बर को प्रदर्शित होगी।
Subscribe to:
Posts (Atom)










