Total Pageviews

Thursday, October 20, 2011

दबंग 2 अगले साल 21 दिसंबर को


मुंबई. (देश दुनिया). फिल्म दबंग का सिक्वल दबंग 2 अगले साल क्रिसमस से पहले 21 दिसंबर को दुनियाभर में रिलीज किया जाएगा। निर्माता और सलमान खान के भाई अरबाज खान ने ट्विटर पर इसकी घोषणा करते हुए लिखा दबंग 2 की शूटिंग मार्च 2012 में शुरू होगी और यह फिल्म 21 दिसंबर 2012 को प्रदर्शित होगी। 

फिल्मों का प्रमाणपत्र होगा रंगीन


नई दिल्ली. (देश दुनिया). लाल, पीला, हरा या ब्लू या फिर कोई और रंग। जल्दी ही फिल्मों के प्रमाणपत्र के रंग भी ऐसे ही रंगों में नजर आएंगे। फिल्म शुरू होने से पहले स्क्रीन पर दिखाए जाने वाले प्रमाण पत्र के रंग को देखकर ही इस बात का पता चलेगा कि फिल्म परिवार के सभी सदस्यों के साथ बैठकर देखी जा सकती है या फिर यह केवल व्यस्कों के लिए है। केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सेंसर बोर्ड) फिल्मों के चमकीले रंगों की तरह बोर्ड द्वारा जारी किए गए प्रमाण पत्र को भी रंगने की तैयारी में है। इसके साथ ही बोर्ड अपने पहचान चिन्ह को भी बदलने पर विचार कर रहा है। सेंसर बोर्ड के सूत्रों के मुताबिक इस बात पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है फिल्म प्रमाण पत्र की श्रेणियों को अलग-अलग रंगों में रंग दिया जाए, ताकि आसानी से इस बात का पता चल सके कि कौन सी फिल्म किस श्रेणी की है। बोर्ड के एक सदस्य के मुताबिक अभी तक प्रमाण पत्र श्याम-श्वेत होता है और फिल्म की श्रेणी का उल्लेख भी बहुत छोटे अक्षर में होता है, जिससे कई बार दर्शक इसे ठीक से देख ही नहीं पाते हैं। इसलिए इस बात पर विचार हो रहा है कि फिल्म प्रमाण पत्र की मौजूदा श्रेणी ए, यू और एयू को अलग-अलग रंगों में रंग दिया जाए। सूत्रों ने बताया कि इसके अलावा बोर्ड अपने पहचान चिन्ह में भी बदलाव करने की तैयारी कर रहा है। बोर्ड की पहचान अभी रील के ऊपर कैंची का निशान है, जो दर्शाता है कि बोर्ड की कांट-छांट के बाद फिल्म का प्रसारण किया जा रहा है लेकिन बोर्ड को नया पहचान देने के लिए नेशनल डिजाइन इंस्टीट्यूट एक नया लोगो तैयार कर रहा है। इस पर अंतिम विचार के लिए हैदराबाद में बोर्ड के सदस्यों की छह नवंबर में एक बैठक हो रही है। 

प्रकाश झा को धमकी

मुंबई. देश दुनिया). जाने माने फिल्मकार प्रकाश झा ने मुंबई पुलिस में शिकायत की है कि फिल्म पर विवाद के एक मामले में न्यूयार्क के दो फिल्मकार उनसे 2-3 करोड़ रुपये जबरन वसूलने का प्रयास कर रहे हैं और साथ ही जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। अंबोली थाने के सहायक पुलिस निरीक्षक राजेंद्र काने ने बताया कि झा की एक शिकायत के अनुसार को न्यूयार्क के दो प्रवासी भारतीय फिल्म निर्माता प्रमोद भंती और देवेंद्र सिंह ने एक फिल्म पर विवाद के बाद धमकी भरे ई-मेल भेजे और और फोन पर 2-3 करोड़ रुपये नकद की मांग की। काने ने बताया कि कल रात झा की शिकायत के बाद इन दोनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई। दरअसल झा ने 2004 में इन दोनों आरोपियों के साथ मिलकर एक फिल्म की योजना बनाई थी। झा ने पटकथा भी लिखी, लेकिन किसी वजह से यह नहीं हो पाया। काने ने कहा, ‘झा ने दावा किया कि उन्हें 50 हजार डालर दिए गए थे, लेकिन परियोजना पूरी नहीं होने पर उन्होंने यह धनराशि लौटा दी। पिछले दो तीन महीने से उन्हें ईमेल और फोन कर धमकी दी जा रही है वह दो तीन करोड़ रुपये दें अन्यथा उनकी हत्या कर दी जाएगी। 

साईं बाबा पर फिल्म

मुंबई. (देश दुनिया). दिल्ली के शिरडी साई बाबा फाउंडेशन द्वारा साईं बाबा पर इस फिल्म का निर्माण किया जा रहा है। यह फिल्म जनवरी 2012 में पर्दे पर रिलीज कर दी जाएगी। इस फिल्म का एकमात्र उद्देश्य दुनिया भर में प्यार और भाईचारे को बढ़ावा देना है। यह फाउंडेशन शिरडी साईं की लीलाओं और उनकी शिक्षा को फैलाने, विभिन्न शहरों में साई मंदिरों का निर्माण और अस्पताल बनाने के अलावा बच्चों की सुरक्षा के लिए कई कार्यक्रम आयोजित करता है। शिरडी साईं बाबा फाउंडेशन के संस्थापक अध्यक्ष और फिल्म के निर्माता ऑशिम क्षेत्रपाल का कहना है कि इस फिल्म की रिलीज को लेकर हम काफी उत्साहित हैं। एनिमेटेड स्टोरिज और साई के उपदेश बच्चों के साथ ही बड़ों में भी आपसी प्रेम और भाईचारे की भावना जगाने में मदद करेंगे। ऑशिम ने इस फिल्म के कुछ दृश्यों के लिए अपनी आवाज भी दी है। यह फिल्म पौराणिक कथाओं और अत्याधुनिक तकनीकों का मिश्रण होगी। इस फिल्म में साईं सच्चरित्र के 17 अध्यायों को शामिल किया गया है। इससे पहले इस फाउंडेशन की ओर से साई बाबा पर एक कॉमिक बुक भी निकाली गई थी, जिसकी 50 हजार प्रतियां एक महीने में ही बिक चुकीं हैं।

Tuesday, October 18, 2011

निशा कोठारी की होगी वापसी

मुंबई. (देश दुनिया). निशा कोठारी जिन्हें राम गोपाल वर्मा ने अपनी फिल्मों से ब्रेक दिया। वे रामू की कई फिल्मों में दिखी थीं। इस साल भी वे आफताब शिवदसानी की बिन बुलाए बाराती में छोटी सी भूमिका में नजर आई थीं। निशा ने एक इंटरव्यू में कहा मैं कुछ समय के लिए स्क्रीन से गायब हुई थी। इस बीच मैंने कुछ स्क्रिप्ट्स पढ़ी थीं। लोग मुझे जल्दी ही फिल्मों में देखेंगे। निशा ने 2005 में फिल्म सरकार से बॉलीवुड में डेब्यू किया था। इसके बाद वे जेम्स में भी नजर आईं। उन्होंने इमरान खान की द किलर में भी काम किया था। इसके बाद कुछ फिल्मों में वे छोटी भूमिकाओं में नजर आई थीं। 

हैप्पी बर्थ डे फ्रीडा

मुंबई. (देश दुनिया). हॉलीवुड निर्देशक डेनी बॉयल की ऑस्‍कर विजेता रही फिल्‍म ‘स्‍लमडॉग मिलियनेर’ से फिल्‍मी करियर की शुरुआत करने वाली फ्रीडा पिंटो आज यानी 18 अक्टूबर को अपनी 26वीं वर्षगांठ मना रही हैं। फ्रीडा का जन्‍म 18 अक्टूबर 1984 को महाराष्ट्र के मुंबई में एक मेंग्‍लोरियन कैथोलिक मूल के परिवार में हुआ। एक भारतीय अभिनेत्री और व्‍यावसायिक मॉडल फ्रीडा ने फिल्‍म ‘स्‍लमडॉग मिलियनेर’ के पहले 2006-08 के बीच ‘जी इंटनेशनल एशिया पैसिफिक’ के अंतर्राष्ट्रीय ट्रैवल शो ‘फुल सर्कल’ में बतौर प्रस्‍तोता काम किया। पहली फिल्‍म ‘स्‍लमडॉग मिलियनेर’ में उत्कृष्ट अभिनय के लिए फ्रीडा ने ‘स्‍क्रीन एक्टर्स गिल्‍ड अवार्ड’ जीता साथ ही सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेत्री के लिए बाफ्टा पुरस्‍कार के लिए नामांकित भी हुई।  

‘धूम 3’ अब 2013 में

मुंबई.(देश दुनिया). धूम सीरिज की फिल्म ‘धूम 3’ अब 2013 में रिलीज होगी। पहले यह फिल्म 2012 क्रिसमस पर रिलीज होने वाली थी। फिल्म की शूटिंग नवंबर 2011 में शुरू होगी और लगभग दस से ग्यारह महीने तक चलेगी। उसके बाद पोस्ट प्रोडक्शन का काम चलेगा, इसलिए यह निर्णय लिया गया कि फिल्म की रिलीज को आगे बढ़ा दिया जाए। फिल्म के निर्देशक विजय कृष्ण आचार्य ने कहा ‘धूम सीरिज की फिल्में हम सभी को पसंद है। इस सीरिज के तीसरे भाग से सभी को आशाएं हैं। हम दर्शकों को बेहतर सिनेमा देना चाहते हैं। इसके लिए पर्याप्त समय चाहिए। हम जल्दबाजी में कोई काम नहीं करना चाहते हैं। शूटिंग के बाद पोस्ट प्रोडक्शन में भी लंबा समय लगेगा। इसलिए हम सभी ने मिलकर फैसला लिया है कि फिल्म की रिलीज को आगे बढ़ा दिया जाए। अब यह फिल्म 2013 में रिलीज होगी।‘

सलमान को पसंद आई एंजेला


मुंबई. (देश दुनिया). सलमान खान अब मॉडल एंजेला जॉनसन पर मेहरबान हो गए हैं और उन्होंने इस हॉट मॉडल को अपनी फिल्म शेर खान में लीड रोल के लिए साइन किया है। वे किसी नये चेहरे की तलाश में थे इसलिए उन्होंने एंजेला जॉनसन को पसंद किया। 

इश्क इन पेरिस और प्रीति

 मुंबई. (देश दुनिया). प्रीति जिंटा के बैनर की पहली फिल्म इश्क इन पेरिस की शूटिंग शुरू हो जाएगी। फिल्म का निर्देशन प्रेम सोनी करने जा रहे हैं और प्रीति इसमें लीड रोल निभाने वाली हैं। चूंकि यह फिल्म पेरिस में घटित हुई एक लव स्टोरी पर आधारित है, इसलिए इसकी ज्यादातर शूटिंग यहीं होगी। फिल्म में ज्यादातर कलाकार भी पेरिस से ही लिए जाएंगे। प्रीति ने इस फिल्म की शूटिंग के लिए फ्रांस सरकार से बात भी कर ली है और उन्हें एफिल टॉवर और लवर म्यूजियम फिल्माने की इजाजत मिल गई है। इश्क इन पेरिस की कहानी हॉलीवुड की एक रोमांटिक फिल्म बीफोर से प्रेरित है। ओरिजनल फिल्म में एक फ्रेंच महिला और एक अमेरिकी युवक की रोमांटिक कहानी है, लेकिन प्रीति की फिल्म में हीरोइन इंडियन दिखाई जाएगी। हालांकि इस फिल्म के निर्देशक और लेखक प्रेम सोनी का कहना है कि इश्क इन पेरिस की कहानी बीफोर सनराइज से एकदम अलग है। प्रीति अपने बैनर की इस फिल्म के साथ बॉलीवुड में वापसी करेंगी।  

‘इश्कजादे’ का फर्स्ट लुक जारी


मुंबई.(देश दुनिया). बोनी कपूर के बेटे अर्जुन कपूर को लेकर बनाई जा रही फिल्म ‘इश्कजादे’ का फर्स्ट लुक जारी किया गया है। छोटे शहर की पृष्ठभूमि पर आधारित इस फिल्म में अर्जुन की नायिका के रूप में परिणीता चोपड़ा नजर आएंगी। यशराज फिल्म्स द्वारा निर्मित यह फिल्म मई 2012 में रिलीज होगी। फिल्म का निर्देशन कर रहे हैं हबीब फैज़ल जिन्होंने ‘दो दूनी चार’ जैसी उम्दा फिल्म बनाई है। साथ ही बैंड बाजा बारात’ लिखी है। संगीत अमित त्रिवेदी का है।