Total Pageviews

Thursday, August 4, 2011

लोर्कानों महोत्सव में रहेगी भारतीय फिल्मों की धूम

मुंबई.(देश दुनिया). स्विटजरलैंड में बर्फ से ढंकी हुई आल्पस की खूबसूरत चोटियों की तलहटी में बसे लोर्कानो शहर में बुधवार से शुरू 64वें लोर्कानों फिल्म महोत्सव में भारतीय फिल्मों की धूम रहेगी। यूरोपीय देशों के बेहद लोकप्रिय इस फिल्म समारोह में इस वर्ष भारत को एक खास स्थान दिया गया है और सत्यजीत रे, रित्विक घटक, राज कपूर, श्याम बेनेगल, अपर्णा सेन एवं अडूर गोपालकृष्णन के अलावा सात अन्य भारतीय निर्देशकों की आर्ट फिल्मों का मंचन किया जाएगा। लोर्कानो फिल्म महोत्सव से जुडे सूत्रों ने बताया कि यहां के सबसे बड़े ओपन एयर थिएटर प्याजा ग्रांडे में स्थानीय समयानुसार रात 9.30 बजे यह फिल्म महोत्सव स्टीवेन स्पीलबर्ग की फिल्म सुपर 08 के प्रदर्शन के साथ शुरूहुआ। इस फिल्म का निर्देशन जेजे अब्राम्स ने किया है। यह महोत्सव 13 अगस्त तक चलेगा। इस वर्ष के लोर्कानो में भारतीय फिल्मों को काफी तवज्जो दी गई है। भारतीय नव यथार्थवादी सिनेमा के आधार स्तंभ माने जाने वाले बंगाली फिल्म निर्देशक सत्यजीत रे की चार-चार फिल्मों का मंचन यहां किया जाएगा जिनमें चारूलता, महानगर, महापुरूष और नायक शामिल हैं, इसके अलावा रे के समकालीन रहे बंगाली यथार्थवादी सिनेमा के अग्रणी निर्देशक रित्विक घटक की बेहद लोकप्रिय फिल्म मेघे ढका तारा इस महोत्सव में अंतर्राष्ट्रीय दर्शकों के सामने पेश की जाएगी। अडूर गोपालकृष्णन की मलयालम फिल्म निझालकुट्टु भी इस दौरान लोर्कानो के ओपन एयर थिएटर की खास शान होगी। सांप्रदायिक दंगो के दौरान मानवीय संबंधों की कहानी कहने वाली बंगाली फिल्म निर्देशिका अपर्णा सेन की मिस्टर एंड मिसेज अय्यर को भी लोकार्नो में दिखाना तय किया गया है। भारतीय सिनेमा के शोमैन कहे जाने वाले राजकपूर की फिल्म आग, श्याम बेनेगल की मंथन, चेतन आनंद की क्लासिक नीचा नगर, गुरू दत्त की प्यासा, विक्रमादित्य मोठवानी की उडान, असमिया निर्देशक जानू बरूआ की कैटास्ट्रोफे, कन्नड निर्देशक गिरीश कसारवल्ली की कनासेंबा कुदुरयेनारी, मराठी निर्देशक उमेश कुलकर्णी की वलू और तेलुगू निर्देशक रजनीश दोमलापल्ली की वनाजा भी प्रदर्शित की जाएगी। इस महोत्सव में 2011 में मिस्र में हुई जनक्रांति पर बनी फिल्म तहरीर भी खास आकर्षण का केन्द्र रहेगी। इसके अलावा केविन कोस्नर की डांसेस विद द वुल्वस, विंसेट मिनेली की बेल्स आर रिंगिग, रूसी निर्देशक आंद्रई तार्कोवस्की की आंद्रे रूबलेव और नाजी तानाशाह हिटलर के अंतिम दिनों का चित्रण करने वाली फिल्म डाउनफाल भी इस महोत्सव में दिखाई जानी फिल्मों में खास पेशकश रहेंगी। फिल्म अभिनेता कबीर बेदी, अडूर गोपालकृष्णन इत्यादि इस वर्ष के लोर्कानो के मेहमानो की उस लंबी फेहरिस्त का हिस्सा हैं जिसमें डेनियल क्रेग, हैरिसन फोर्ड और गेरार्ड देप्रादेयु जैसे अंतर्राष्ट्रीय सिनेमा के बडे नाम शुमार हैं। उल्लेखनीय है कि 1946 में शुरू हुए लोर्कानो फिल्म महोत्सव का एक लंबा इतिहास रहा है और इसके मंच से अंतर्राष्ट्रीय सिनेमा में अपना लोहा मनवा चुकी कई बेहद लोकप्रिय फिल्मों ने अपनी शुरूआत की है। इस महोत्सव में विजयी रहने वाली फिल्म को गोल्डन लिओपार्ड के खिताब से नवाजा जाता है और इसके खासे आकर्षण के केन्द्र में इसका सबसे बड़ा ओपन एयर थिएटर प्याजा ग्रांडे रहता है। 

ऐश्वर्य के आने से हुआ ब्रेकअप: सोमी

मुंबई. (देश दुनिया). सलमान खान और पाकिस्तानी अभिनेत्री सोमी अली के प्यार के किस्से फिल्म इंडस्ट्री में काफी चर्चा में रहे थे। हालांकि उनका प्यार परवान नहीं चढ़ पाया, क्योंकि पूर्व मिस वर्ल्ड ऐश्वर्य राय उस दौरान सलमान और सोमी अली के बीच आ गई थीं। सल्लू के साथ ब्रेकअप के दो दशक से भी ज्यादा समय बाद सोमी अली ने चुप्पी तोड़ते हुए यह खुलासा किया है। एक साक्षात्‍कार में सोमी ने साफ कहा है कि सलमान और उनके बीच ऐश्वर्य राय के आने से ही उनका ब्रेकअप हुआ था। हालांकि यह पूछे जाने पर कि ब्रेकअप के लिए सलमान और ऐश में ज्यादा दोषी वे किसे मानती हैं, सोमी ने कहा कि "किसी को भी नहीं।" सोमी ने साक्षात्‍कार के दौरान सलमान के साथ उनके प्यार पर खुलकर चर्चा की है। उन्होंने बताया कि जब वे महज 15 साल की थी, तभी उन्हें सलमान से प्यार हो गया था। सलमान का प्यार ही उन्हें फ्लोरिडा से सपनों की नगरी मुंबई में ले आया। मालूम हो कि सोमी सालों बाद इस साल मई में बैंकॉक में ‘रेडी’ फिल्म की शूटिंग के दौरान सलमान से मिली थीं।

Wednesday, August 3, 2011

नंदिनी जुमानी का मनमोहक डांस


मुंबई. (देश दुनिया). नंदिनी जुमानी की ये मनमोहक अदा उनकी आने वाली फिल्म नील को पकड़ना........ इम्पोस्सिबल  में देखने को मिलेगा. इस फिल्म की निर्माता दीपा बारोट हैं और चंदर बारोट ने निर्देशन किया है.      

मल्लिका को सता रहा है डर



मुंबई.(देश दुनिया). मल्लिका शेरावत अपनी नई हॉलीवुड फिल्म 'पॉलिटिक्स ऑफ लव' को लेकर काफी डरी हुईं हैं। बताया जाता है कि मल्लिका को डर सता रहा है कि उनकी इस फिल्म का हश्र भी 'हिस्स' की तरह न हो जाए। ये फिल्म इस महीने के अंत तक रिलीज होगी। मल्लिका मानती है कि इस फिल्म के चलने से उनको कई विदेशी फिल्मी प्रोजेक्‍ट मिल सकते हैं। अपनी फिल्म की सफलता के ‌लिए प्रमोशन के साथ-साथ प्रार्थना भी कर रही हैं। 

तब्बू की जगह नेहा


मुंबई. (देश दुनिया). नेहा धूपिया को कबीर कौशिक के निर्देशन में बन रही फिल्म ‘मेक्जीमम’ में लीड रोल मिल गया है। इस रोल को पहले तब्बू निभाने वाली थी। फिल्म में हीरो थे सोनू सूद, लेकिन बाद में तब्बू को लगा कि सोनू सूद के साथ उनकी जोड़ी जम नहीं पा रही है, तो उन्होंने फिल्म छोड़ दी। सोनू के अलावा फिल्म में नसीरुद्दीन शाह और पंकज कपूर जैसे दिग्गज अभिनेता काम कर रहे हैं। 

Tuesday, August 2, 2011

शिल्पा शेट्टी को समन जारी

मुंबई. (देश दुनिया). बिहार में सीवान जिले की एक अदालत ने फिल्म अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी समेत पांच लोगों को नई दिल्ली में वर्ष 2007 में एक कार्यक्रम के दौरान अश्लील हरकत करने को लेकर समन जारी करते हुए सात अगस्त को न्यायालय में उपस्थित होने का आदेश दिया है।   न्यायिक मजिस्ट्रेट हरेराम ने इस मामले में संज्ञान लेते हुए शिल्पा शेट्टी, अभिनेता रिचर्ड गेर, एक निजी चैनल के पत्रकार समेत पांच लोगों के खिलाफ समन जारी कर उन्हें सात अगस्त को अदालत के समक्ष उपस्थित होने का आदेश दिया।   शिल्पा-चुंबन मामले में गेर को राहत    उल्लेखनीय है कि एक वरिष्ठ अधिवक्ता रामजी सिंह ने वर्ष 2007 में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में इस मामले को लेकर एक याचिका दाखिल की थी। अपनी याचिका में सिंह ने कहा है कि नई दिल्ली में एक कार्यक्रम के दौरान शिल्पा शेट्टी और रिचर्ड गेर ने अश्लील हरकत की और उसे एक निजी चैनल ने प्रसारित किया, जिससे युवाओं के मन-मस्तिष्क पर बुरा प्रभाव पड़ा है और यह भारतीय संस्कृति के अनुरूप भी नहीं है। 

गोरे रंग पर जान लुटाता है बॉलीवुड

मुंबई.(देश दुनिया). ऑस्कर विनिंग फिल्म 'स्लमडॉग मिलयनेयर' से रातों-रात स्टार बनीं फ्रीडा पिंटों जितनी सीधी पर्दे पर नजर आती हैं, जबकि अपनी असल जिंदगी में काफी वो बिंदास हैं। हमेशा वो ऐसे बयान देती रहती हैं जिनको सुनकर हर कोई हैरान रहता है। ताजा मामले में बॉलीवुड से संबधित सनसनीखेज बयान दिया है। फ्रीडा का कहना है कि बॉलीवुड गोरे रंग पर जान लुटाता है, वो गोरी चमड़ी का आशिक है और चूंकि उनका रंग तो काफी काला है इसलिए उन्हें बॉलीवुड में और मॉडलिंग करने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। फ्रीडा ने कहा कि भारत में फेयरनेस क्रीम के विज्ञापन में दिखाया जाता है कि लड़का गोरी लड़कियों को पसंद करता है ना कि काली लड़की को, जिसे देखकर उन्हें काफी दुख होता है।  फ्रीडा ने कहा कि ये भेदभाव उनके साथ भी हुए थे, जिसकी वजह से उन्हें काफी तकलीफ हुई है। इसलिए वो बॉलीवुड में तभी आयेगी जब उन्हें अच्छा मौका मिलेगा।  

‘द प्रीति जिंटा शो’

मुंबई.(देश दुनिया). शाहरुख खान की कंपनी रेड चिलीज छोटे पर्दे के लिए एक चैट शो बनाने जा रही हैं, जिसकी होस्ट होंगी प्रीति जिंटा। इसे ‘द प्रीति जिंटा शो’ नाम दिया गया है जहां प्रीति सैलिब्रिटीज से चटपटे अंदाज में बातचीत करती नजर आएंगी। सूत्रों का कहना है कि उनके पहले शो में अभिषेक बच्चन नजर आएंगे।

दबंग-2 में डबल रोल निभाएंगे छेदी


मुंबई. (देश दुनिया). सुपरहिट फिल्म दबंग में खलनायक छेदी सिंह की भूमिका निभाने वाले सोनू सूद इसके सीक्वेल दबंग-2 में डबल रोल निभाएंगे। इस बार वह छेदी सिंह के भाई बनेंगे जो इंस्पेक्टर चुलबुल पांडे (सलमान खान) से अपने भाई की मौत का बदला लेता है। दक्षिण के सुप्रसिद्ध खलनायक सोनू का किरदार उनकी तेलुगु फिल्म दोखाडू से प्रेरित है। सोनू ने बताया छेदी सिंह के किरदार के लिए मैंने अपने बिहारी दोस्तों से डायलॉग बोलने सीखे थे। जबकि दबंग-2 में मेरे किरदार का कुछ हिस्सा दोखाडू से लिया गया है। उनका कहना है कि सलमान और अरबाज खान को भी दोखाडू में उनका अभिनय काफी पसंद आया था। इस फिल्म की शूटिंग अगले साल शुरू होगी। 

स्टंट्स करते नजर आएंगे सलमान

मुंबई.(देश दुनिया). सलमान खान की आगामी फिल्म ‘बॉडीगार्ड’ में जबरदस्त एक्शन देखने को मिलेगा। फिल्म ‘किक’ में भी वे जबरदस्त स्टंट्स करते नजर आएंगे। इस फिल्म में नए तरह का एक्शन दिखाई देगा ताकि उनकी हर फिल्म एक जैसी नहीं लगे। तेलुगु फिल्म के हिंदी रीमेक ‘किक’ की शूटिंग कोरिया में की जाएगी और इसमें सलमान मार्शल आर्ट्‍स करते दिखाई देंगे। मार्शल आर्ट का प्रशिक्षण वे फ्रेंच स्टंट डायरेक्टर फिलिप से लेंगे। साथ में कोरियन सरकार भी सलमान के लिए श्रेष्ठ मार्शल आर्ट विशेषज्ञ उपलब्ध कराएगी। फिल्म के निर्माता साजिद नाडियाडवाला का कहना है कि ‘किक’ एक्शन फिल्म जरूर है, लेकिन इसमें जो एक्शन सीन होंगे वे अब तक सलमान की किसी फिल्म में नजर नहीं आए होंगे।