Total Pageviews

Saturday, April 30, 2011

के. बालाचंदर को दादा साहेब फाल्के पुरस्कार

मुंबई. (देश दुनिया). भारतीय सिनेमा के क्षेत्र में अतुलनीय योगदान के लिए वर्ष 2010 के लिए प्रतिष्ठित दादा साहेब फाल्के पुरस्कार वरिष्ठ फिल्मकार के. बालाचंदर को दिया जाएगा। पुरस्कार स्वरूप उन्हें स्वर्ण कमल और 10 लाख रुपए नकद प्रदान किए जाएँगे। पिछले 45 साल से अधिक समय से के. बालचंदर फिल्म निर्देशक, निर्माता और पट कथा लेखक के तौर पर सक्रिय हैं। उन्होंने कन्नड़, तमिल, तेलुगु और हिन्दी में 100 से अधिक फिल्मों का निर्माण किया है। उन्हें अलग तरह की फिल्म निर्माण तरीके के लिए जाना जाता है। बालाचंदर को रजनीकांत, कमल हासन, प्रकाशराज और विवेक जैसे वर्तमान दौर के कई सितारों को फिल्मी दुनिया में लाने का श्रेय है। उन्हें 1987 में पद्मश्री और 1973 में तमिलनाडु सरकार ने ‘कलाईममानी’ की उपाधि से सम्मानित किया गया था। आंध्रप्रदेश सरकार ने उन्हें गोल्डन नंदी और सिल्वर नंदी अवॉर्ड प्रदान किया। उन्हें कई दफा राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों की विभिन्न श्रेणियों के तहत सम्मानित किया जा चुका है। चेन्नई में बालाचन्दर ने कहा कि दादा साहब फाल्के पुरस्कार के लिए उन्हें चुना जाना उनके जीवन में सर्वाधिक गर्व का क्षण है। उन्होंने अपनी संक्षिप्त प्रतिक्रिया में संवाददाताओं से कहा कि यह प्रसन्नता का अवसर है और मेरे जीवन में सर्वाधिक गर्व का क्षण है।उन्होंने अपने सभी सहयोगियों को धन्यवाद दिया।

No comments:

Post a Comment