Total Pageviews

Thursday, January 12, 2012

दीपिका व प्रियदर्शन में सुलह

मुंबई. (देश दुनिया).अभिनेत्री दीपिका पादुकोण व फिल्मकार प्रियदर्शन के बीच पांच साल पहले एक विवाद हुआ था लेकिन अब दोनों में सुलह हो गई है और उन्होंने साथ काम करने का निर्णय लिया है। दरअसल, पांच साल पहले प्रियदर्शन अपनी फिल्म 'पाइरेट्स' के साथ चार नवोदित कलाकारों संग दीपिका को बॉलीवुड में पेश करना चाहते थे। दूसरी ओर दीपिका ने प्रियदर्शन की फिल्म के स्थान पर अपनी शुरुआत के लिए फरहा खान की 'ओम शांति ओम' को चुना। इसके बाद साल 2008 तक प्रियदर्शन दीपिका से दूरी बनाए रहे। साल 2008 में शाहरुख ने प्रियदर्शन की 'बिल्लू' में एक आइटम गीत के लिए दीपिका को मनाया। शाहरुख की रेड चिलीज एंटरटेनमेंट कम्पनी ने इस फिल्म का निर्माण किया था। इसके साथ ही दीपिका व प्रियदर्शन के बीच विवाद दूर होने की शुरुआत हुई।अब दोनों साथ में काम करने के लिए तैयार हैं। प्रियदर्शन ने कहा कि हमने 'बिल्लू' के गीत के दौरान ही विवाद समाप्त कर लिया था। अब मेरे पास उनके लिए एक भूमिका है। प्रियदर्शन अपने 30 साल के करियर में करीब 83 फिल्मों का निर्देशन कर चुके हैं। साल 2011 में उनकी एक भी फिल्म प्रदर्शित नहीं हुई लेकिन इस साल प्रदर्शन के लिए उनकी चार फिल्में कतार में हैं। वह श्री अष्टविनायक सिने विजन लिमिटेड के लिए जुलाई में एक हास्यप्रधान पारिवारिक फिल्म का निर्देशन करेंगे। इसमें वह पहली बार अभिषेक बच्चन के साथ काम करेंगे जबकि नायिका की भूमिका के लिए दीपिका से सम्पर्क किया है। उन्होंने दोनों ही कलाकारों के साथ पहले काम नहीं किया है। उन्होंने कहा कि अभिषेक और मैं लम्बे समय से किसी फिल्म के लिए योजना बना रहे थे। हम चंद्रशेखर आजाद के जीवन पर एक फिल्म बनाने के विषय में सोच रहे थे लेकिन ऐतिहासिक फिल्में कौन देखता है। अंतत: मैंने अभिषेक के लिए एक अन्य फिल्म ढूंढ़ी। हम जुलाई में शूटिंग शुरू करेंगे।

No comments:

Post a Comment