मुंबई. (देश दुनिया). शिवसेना और मनसे ने नीरज ग्रोवर हत्याकांड में दोषी कन्नड़ अभिनेत्री मारिया सुसाइराज के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। दोनों दलों ने फरमान जारी कर कहा है कि मारिया को टीवी शो या फिल्म में भूमिका देने वाले निर्माताओं और निर्देशकों को अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहना चाहिए।
फिल्म निर्माता व निर्देशक राम गोपाल वर्मा ने मारिया को जेल से छूटने के बाद अपनी फिल्म में भूमिका देने की इच्छा जताई थी। खबर ये भी थी कि मारिया को कलर्स चैनल ने अपने रियालिटी शो बिग बॉस के पांचवें सीजन में शामिल करने का प्रस्ताव दिया है। इसके लिए पांच करोड़ रुपए की डील भी हो चुकी है। कलर्स चैनल के प्रवक्ता ने रविवार को स्पष्ट किया कि मारिया को कोई प्रस्ताव नहीं भेजा गया है और न ही भविष्य में ऐसा कोई इरादा है। चैनल ने साफ किया है कि मारिया को बिग बॉस के घर में जगह नहीं दी जाएगी। शिवसेना की भारतीय चित्रपट सेना के अध्यक्ष अभिजीत पानसे ने बिग बॉस में मारिया की संभावित एंट्री को लेकर आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा कि पिछले सीजन में बंटी नाम के एक चोर को शो में शामिल किया गया था। अब चैनल एक खूनी को शो में जगह देने का मन बना रहा है। मनसे की सिने वर्कर्स एशोसिएशन के अध्यक्ष अमेय खोपकर ने चेतावनी दी है कि हत्या की दोषी मारिया को किसी भी हाल में फिल्म इंडस्ट्री में काम करने नहीं दिया जाएगा।

No comments:
Post a Comment