मुंबई. (देश दुनिया). बालीवुड के बहुचर्चित फिल्मकार राम गोपाल वर्मा ने मंगलवार को भाजपा युवा मोर्चा के खिलाफ एक मामला दर्ज कराया है. फिल्मकार ने कहा कि वर्ष 2008 के नीरज ग्रोवर हत्याकांड की दोषी मारिया सुसाईराज के साथ काम करने की इच्छा जताने के बाद उन्हें संगठन की तरफ से धमकी दी गई थी. वर्मा ने माइक्रो ब्लागिंग वेबसाइट ट्विटर पर लिखा, 'मैंने अभी अभी वर्सोवा पुलिस के पास मारिया सुसाईराज के मुद्दे पर मुझे धमकी देने के लिये भाजपा के युवा मोर्चे के खिलाफ शिकायत दर्ज करायी है.' इस वीभत्स घटना पर 'नॉट ए लव स्टोरी' फिल्म बनाने वाले वर्मा उस समय आलोचना के घेरे में आ गये थे जब उन्होंने कहा था कि वह इस कन्नड़ फिल्म अभिनेत्री (मारिया) को अपनी अगली फिल्म में लेना चाहते हैं. वर्मा ने लिखा, 'अन्य संगठनों से मिल रही चेतावनी मीडिया के जरिये मुझे मिली लेकिन भाजपा ने हस्ताक्षर किया हुआ चेतावनी भरा पत्र सीधे मेरे कार्यालय को भेजा.'

No comments:
Post a Comment