मुंबई. (देश दुनिया). ब्रिटिश किशोरी स्कारलेट ईडन कीलिंग हत्याकांड पर आधारित फिल्म ‘अंजुना बीच’ की शूटिंग अधिकारियों की इजाजत के बिना पूरी की गई है। गोवा में शूटिंग के लिए इजाजत देने वाली एजेंसी एंटरटेनमेंट सोसायटी ऑफ गोवा के अधिकारियों ने फिल्म के निर्माताओं को यह घोषणा करने को कहा है कि इस फिल्म से गोवा की छवि खराब नहीं होगी। ईएसजी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मनोज श्रीवास्तव ने कहा कि न तो निर्माता और न ही फिल्म निर्माण से जुड़ा कोई फिल्मकार उनके पास ऐसा घोषणा पत्र लाया है। उन्होंने कहा कि उन्हें मीडिया रिपोर्टो से पता चला कि अंजुना बीच पर 10 दिन तक फिल्म की शूटिंग की गई। फिल्म का निर्माण सिकंदर खान कर रहे हैं और इसका निर्देशन शकील एस साई ने किया है। इसकी कहानी स्कारलेट कीलिंग के जीवन के अंतिम दिनों पर आधारित है, जब वह अपनी मां फियोना के साथ गोवा में छुट्टियां बिता रही थी। स्कारलेट की हत्या के मामले में सैमसन डिसूजा और प्लेकिडो कारवालो के खिलाफ सुनवाई चल रही है। इन दोनों पर स्कारलेट को ड्रग्स देकर उसके साथ रेप करने का मामला चल रहा है। इन दोनों ने स्कारलेट के साथ रेप करने के बाद उसे वहीं छोड़ दिया था, जिसके बाद उसकी मौत हो गई।

No comments:
Post a Comment